Home » खेल-कूद » भारत की वनडे में दूसरी सबसे बड़ी हार, न्यूजीलैंड ने 244 रन से जीता चौथा मुकाबला; सीरीज 2-2 से बराबर,पहले ओवर में रोहित-विराट-अय्यर आउट; 89 रन पर सिमटी टीम इंडिया

भारत की वनडे में दूसरी सबसे बड़ी हार, न्यूजीलैंड ने 244 रन से जीता चौथा मुकाबला; सीरीज 2-2 से बराबर,पहले ओवर में रोहित-विराट-अय्यर आउट; 89 रन पर सिमटी टीम इंडिया

Facebook
Twitter
WhatsApp

माउंट माउंगानुई। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में 244 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। बे ओवल में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 26.4 ओवर में महज 89 रन पर ऑलआउट हो गई। इस हार के साथ भारत को 52 साल के वनडे इतिहास में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी।

भारत की वनडे में सबसे बड़ी हार 2000 में शारजाह में श्रीलंका के खिलाफ हुई थी, जब श्रीलंका ने उसे 245 रन से हराया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ 244 रन की हार भारत की वनडे इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी हार है।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। अब सीरीज का निर्णायक पांचवां वनडे इसी मैदान पर खेला जाएगा।

पहले ही ओवर में तीन बड़े विकेट

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर भारतीय टीम को गहरे संकट में डाल दिया।

रोहित शर्मा पहली ही गेंद पर फिन एलन को कैच दे बैठे। इसके बाद विराट कोहली चार गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले बोल्ड हो गए। श्रेयस अय्यर भी हेनरी का शिकार बने। भारत ने पारी के पहले ही ओवर में तीन विकेट गंवा दिए।

यह पहला मौका रहा जब भारत ने वनडे पारी के शुरुआती ओवर में ही तीन विकेट गंवाए। हालांकि वनडे इतिहास में इससे भी खराब शुरुआत का रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम है। 2003 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश ने पहले ही ओवर में चार विकेट गंवा दिए थे और उसका स्कोर 5 रन पर चार विकेट हो गया था। उस मैच में चामिंडा वास ने यह कारनामा किया था।

गायकवाड भी नहीं टिक सके

मैट हेनरी के बाद काइल जैमिसन ने भारतीय बल्लेबाजी को एक और झटका दिया। ऋतुराज गायकवाड पांच रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले का बाहरी किनारा लगा और दूसरी स्लिप में माइकल ब्रेसवेल ने शानदार कैच पकड़ लिया।

भारत ने 5.3 ओवर में केवल तीन रन के स्कोर पर चौथा विकेट गंवा दिया। 10 ओवर के बाद भारतीय टीम चार विकेट पर सिर्फ 26 रन बना सकी। 2018 के बाद वनडे में यह भारत के पहले 10 ओवर के संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर में शामिल रहा। इस अवधि में भारत का सबसे कम स्कोर 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 21 रन रहा था।

ALSO READ THIS :  पीएम मोदी ने शेयर किया महाभारत का यह श्लोक, युवाओं को बताया सफलता का सबसे बड़ा मंत्र!

ईशान और अक्षर ने संभालने की कोशिश की

लगातार विकेट गिरने के बीच ईशान किशन और अक्षर पटेल ने भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 70 गेंदों में 44 रन जोड़े।

हालांकि 18वें ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यू फिशर ने अक्षर पटेल को आउट कर दिया। बैकफुट पर डिफेंड करने की कोशिश में गेंद अक्षर के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्लिप की ओर गई, जहां फिन एलन ने आसान कैच पकड़ लिया। अक्षर ने 36 गेंदों पर 21 रन बनाए और तीन चौके लगाए।

इसके बाद मैट हेनरी ने ईशान किशन को भी पवेलियन भेज दिया। 21वें ओवर की पहली गेंद पिच से पड़कर अंदर की ओर आई और ईशान उसे खेलने से चूक गए। गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी। ईशान ने 53 गेंदों पर 27 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे।

हेनरी का पांच विकेट का कारनामा

मैट हेनरी ने कुलदीप यादव को बोल्ड कर भारत को आठवां झटका दिया। 23वें ओवर की आखिरी गेंद लेंथ पर पड़कर अंदर आई। कुलदीप आगे बढ़कर डिफेंड करने गए, लेकिन गेंद बल्ले को चकमा देकर ऑफ स्टंप पर जा लगी। वह चार गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मैथ्यू फिशर ने नमन धीर को आउट किया। नमन ने 24वें ओवर में लगातार दो छक्के लगाए, लेकिन आखिरी गेंद पर मिचेल सैंटनर को कैच दे बैठे। उन्होंने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए।

मैट हेनरी ने गुरनूर बरार को बोल्ड कर भारतीय पारी समाप्त कर दी। 27वें ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप पर फुल लेंथ थी। गुरनूर बिना पैर आगे बढ़ाए शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले के नीचे से निकलकर ऑफ स्टंप पर जा लगी। वह 13 गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।

ALSO READ THIS :  पेपर लीक विवाद पर विराट कोहली की प्रतिक्रिया, बोले- देश का भविष्य न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का हकदार

हेनरी ने इस मुकाबले में पांच विकेट हासिल किए। यह वनडे क्रिकेट में उनका चौथा फाइव विकेट हॉल रहा।

न्यूजीलैंड ने बनाए 333 रन

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 333 रन बनाए। उसकी पारी में विल यंग ने शानदार शतक लगाया। यंग ने 108 गेंदों पर 125 रन की पारी खेली, जिसमें 14 चौके और चार छक्के शामिल रहे।

उन्होंने 88 गेंदों पर अपना पांचवां वनडे शतक पूरा किया। यंग ने फिन एलन के साथ भी महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 गेंदों पर 90 रन जोड़े।

फिन एलन ने 31वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर अपना विकेट गंवाया। उन्होंने शॉर्ट कवर की ओर शॉट खेला, जहां रोहित शर्मा ने दाईं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। एलन ने 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाए।

साइफर्ट ने भी जमाया अर्धशतक

न्यूजीलैंड के लिए टिम साइफर्ट ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 48 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। 10वें ओवर में उन्होंने वनडे करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।

हालांकि 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुरनूर बरार ने साइफर्ट को ईशान किशन के हाथों कैच करा दिया। आउट होने के बाद साइफर्ट और गुरनूर के बीच कहासुनी भी हुई। विराट कोहली ने बीच-बचाव करते हुए गुरनूर को पीछे खींचा। इसके बाद अंपायर क्रिस ब्राउन ने गुरनूर को चेतावनी दी।

भारतीय फील्डिंग में भी चूके मौके

न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय टीम ने कई कैच के मौके गंवाए। आकिब नबी के दूसरे ओवर में विल यंग के दो कैच छूटे। पहले स्लिप में रोहित शर्मा गेंद को नहीं पकड़ सके और अगली गेंद पर ईशान किशन ने भी कैच छोड़ दिया।

अर्शदीप सिंह की गेंद पर भी टिम साइफर्ट का कैच रोहित शर्मा से छूटा। उन्होंने आगे की ओर डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनसे आगे गिर गई।

बाद में 41वें ओवर में मिचेल सैंटनर का कैच भी रोहित शर्मा नहीं पकड़ सके। सैंटनर ने 29 गेंदों पर 24 रन बनाए, जिसमें एक चौका और दो छक्के शामिल रहे। उन्हें अर्शदीप सिंह ने आउट किया।

ALSO READ THIS :  ओलंपिक ई-स्पोर्ट्स गेम्स पर IOC-सऊदी अरब की साझेदारी समाप्त: 2027 तक का 12 साल पुराना समझौता रद्द, नया मॉडल तैयार

यंग को हेलमेट पर लगी गेंद

न्यूजीलैंड की पारी के 34वें ओवर में विल यंग रिवर्स स्वीप खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर उनके हेलमेट पर जा लगी। इसके बाद फिजियो मैदान पर पहुंचे और यंग का कन्कशन टेस्ट किया गया। जांच के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी।

37वें ओवर की आखिरी गेंद पर यंग ने स्लॉग स्वीप खेला, लेकिन डीप मिडविकेट पर सब्स्टीट्यूट फील्डर कुमार कुशाग्र ने दूसरे प्रयास में उनका कैच पकड़ लिया। यंग 108 गेंदों पर 125 रन बनाकर आउट हुए।

आखिरी ओवर में लगातार रनआउट

न्यूजीलैंड की पारी के अंतिम ओवर में दो रनआउट हुए। पहले काइल जैमिसन के शॉट के बाद मैट हेनरी रन लेने दौड़े, लेकिन आकिब नबी ने फॉलोथ्रू में गेंद पकड़कर विकेटकीपर के छोर पर डायरेक्ट हिट कर दी। हेनरी दो रन बनाकर रनआउट हुए।

अगली गेंद पर मैट फिशर भी दो रन लेने के प्रयास में रनआउट हो गए। विराट कोहली के थ्रो पर विकेटकीपर ईशान किशन ने स्टंप बिखेर दिए।

इससे पहले आकिब नबी ने क्रिस्टियन क्लार्क को एलबीडब्ल्यू किया था। क्लार्क ने 22 गेंदों पर 22 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। रिव्यू के बाद भी अंपायर का फैसला बरकरार रहा।

टॉस में फिर किस्मत ने दिया साथ नहीं

टॉस के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि यह लगातार नौवीं बार है जब टॉस में टेल आया है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब वह जल्द कैसीनो नहीं जाएंगे। सैंटनर ने मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई और कहा कि हवा चल रही है तथा पिच पर तेजी और उछाल मिलने की संभावना है।

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के बाद कहा कि पिछले दिन पिच पर घास नजर आ रही थी, लेकिन मैच के दिन यह कुछ सूखी दिख रही है। उन्होंने आखिरी हिस्से में ओस आने की संभावना जताते हुए मुकाबले को नॉकआउट की तरह लेने की बात कही थी।

लेकिन भारतीय बल्लेबाजी न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 89 रन पर ऑलआउट होने के साथ भारत को वनडे इतिहास की अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें