कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से उसके साथी को भी दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटेठी गांव निवासी अनिल और कालिका के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना पर दर्ज हुआ था मुकदमा
सीओ संजय सिंह के अनुसार, बुधवार को थाना गजनेर पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही दो व्यक्तियों ने दुष्कर्म किया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिली।
भागने की फिराक में थे दोनों आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के मुकदमे में नामजद दोनों आरोपी इलाके से भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना गजनेर पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान की ओर रवाना हो गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, इसी दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग कर दी गई।
जवाबी फायरिंग में अनिल के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अनिल के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके साथी कालिका को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अनिल को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी के निर्देशन में गजनेर पुलिस की कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में थाना गजनेर पुलिस ने मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों को पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मुठभेड़ के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

