मुज़फ्फ़रनगर। खतौली सब्जी मंडी में एक गरीब सब्जी विक्रेता की रोज़ी-रोटी पर चोर ने ऐसा डाका डाला कि पूरा परिवार सदमे में है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, CCTV फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।

पीड़ित सेवन पुत्र श्रवण सैनी, निवासी ग्राम बेहड़ा अस्सा, थाना सिखेड़ा, रोज़ाना की तरह 5 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे खतौली सब्जी मंडी पहुंचा था। उसने अपना बाइक रेहड़ा मंडी में खड़ा किया और सब्जी खरीदने चला गया। कुछ ही मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस जगह बाइक रेहड़ा खड़ा किया था, वहां से वह गायब था।
सेवन ने पहले पूरी मंडी में अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने मंडी में स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद पीड़ित ने खुद ही आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकलवाई। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि एक युवक आराम से बाइक रेहड़े पर बैठता है और तेज रफ्तार से उसे लेकर फरार हो जाता है। वीडियो में आरोपी का चेहरा भी काफी हद तक स्पष्ट नजर आ रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो घटनास्थल पर पहुंची और न ही किसी अधिकारी या कर्मचारी ने उससे संपर्क कर मामले की जानकारी ली। पुलिस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार खुद ही सुराग तलाशने में जुटा हुआ है।
पीड़ित के भाई ने बताया कि बाइक रेहड़ा ही सेवन की कमाई का एकमात्र साधन था। उसी से पूरे परिवार का खर्च चलता था। चोरी के बाद से उसका भाई मानसिक रूप से टूट चुका है। वह ठीक से खाना तक नहीं खा पा रहा और लगातार अपने रेहड़े की तलाश में भटक रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब CCTV फुटेज में आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहा है, तब भी कार्रवाई में देरी कई सवाल खड़े करती है। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि पुलिस फुटेज के आधार पर जल्द आरोपी तक पहुंचेगी और उसका रेहड़ा बरामद करेगी।
पूरा मामला खतौली कोतवाली क्षेत्र का है।


