नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद द्वारा भगवान श्रीराम और अयोध्या स्थित राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान तथा कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा दीपावली को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) और रामलीला महासंघ ने कड़ा विरोध जताया है। दोनों संगठनों ने संबंधित नेताओं से अपने बयानों पर माफी मांगने की मांग की है।
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि सांसद कीर्ति आजाद ने मीडिया में बयान दिया है कि वह कभी राम मंदिर नहीं जाएंगे, क्योंकि भगवान राम ने अग्निपरीक्षा के बाद भी माता सीता का त्याग किया था। सीटीआई का कहना है कि इस टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग
सीटीआई ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र लिखकर मांग की है कि कीर्ति आजाद अपना बयान वापस लें और उस पर खेद व्यक्त करें। साथ ही पार्टी से इस मामले में अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करने को कहा गया है।
बृजेश गोयल ने कहा, “अपनी आस्था बताना सबका अधिकार है, लेकिन दूसरे की आस्था का अपमान करना किसी का अधिकार नहीं है। भगवान राम मर्यादा, त्याग और कर्तव्य के प्रतीक हैं। माता सीता भी उतनी ही पूजनीय हैं। राम और सीता को आमने-सामने खड़ा करके राजनीति करना गलत है। हम टकराव नहीं, संवाद चाहते हैं।”
अयोध्या के कारोबार पर भी जताई चिंता
सीटीआई ने दावा किया कि कीर्ति आजाद के बयान को लेकर अयोध्या के व्यापारियों में भी नाराजगी है और उन्होंने संगठन से संपर्क किया है। संगठन का कहना है कि अयोध्या की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर निर्भर है। ऐसे में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का असर छोटे व्यापारियों, होटल और होमस्टे संचालकों, रिक्शा चालकों, कुम्हारों तथा फूल-प्रसाद विक्रेताओं की आजीविका पर भी पड़ सकता है।
सीटीआई ने अयोध्या में धार्मिक पर्यटन से जुड़े कारोबार में वृद्धि के आंकड़े भी साझा किए। संगठन के मुताबिक, राम मंदिर निर्माण से पहले अयोध्या में सालाना श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 1.7 लाख थी, जो वर्ष 2024 में 16.4 करोड़ और 2025 में करीब 20 करोड़ तक पहुंच गई। होटल के कमरों की संख्या 3,500 से 4,000 से बढ़कर 5,000 से अधिक होने का दावा किया गया है। इसके अलावा 50 से ज्यादा बड़े होटल प्रोजेक्ट निर्माणाधीन बताए गए हैं।
संगठन के अनुसार, अयोध्या में होमस्टे की संख्या शून्य से बढ़कर 1,136 और रेस्टोरेंट की संख्या लगभग 200 से बढ़कर करीब 2,000 हो गई है। रिक्शा और ई-रिक्शा की संख्या 500 से बढ़कर 17 हजार तक पहुंचने का दावा भी किया गया है। सीटीआई ने दुकानदारों की रोजाना कमाई 400 से 500 रुपये से बढ़कर करीब 2,500 रुपये होने, 1.2 लाख से अधिक नए रोजगार और 6,000 से ज्यादा नए एमएसएमई स्थापित होने की बात कही है। संगठन ने मास्टर प्लान 2031 के तहत 85 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया।
सीटीआई ने रखीं तीन मांगें
सीटीआई ने मांग की है कि कीर्ति आजाद भगवान राम को लेकर दिए गए बयान पर माफी मांगें और उसे वापस लें। ममता बनर्जी स्पष्ट करें कि क्या यह उनकी पार्टी का आधिकारिक रुख है। साथ ही संगठन ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से भविष्य में देवी-देवताओं और त्योहारों को लेकर ऐसी टिप्पणियां करने से बचने की अपील की है, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हों।
रामलीला महासंघ ने दोनों नेताओं को आमंत्रित नहीं करने का किया ऐलान
रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने भी कीर्ति आजाद और इमरान मसूद के बयानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देशभर में आयोजित होने वाली किसी भी रामलीला में दोनों नेताओं को न तो आमंत्रित किया जाएगा और न ही प्रवेश दिया जाएगा।
अर्जुन कुमार के मुताबिक, देशभर में हजारों रामलीलाओं का आयोजन होता है। इस तरह के बयान लाखों कलाकारों और आयोजकों की भावनाओं को भी आहत करते हैं। महासंघ ने दोनों नेताओं से अपने बयानों पर स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने की मांग की है।
दीपावली को लेकर इमरान मसूद की टिप्पणी पर भी नाराजगी
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की उस कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने दीपावली को मानव जनित रोग कहा है। गोयल ने कहा कि इस टिप्पणी से आम लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मामले का संज्ञान लेने और इमरान मसूद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। गोयल ने कहा कि इमरान मसूद को अपने बयान पर देश से माफी मांगनी चाहिए।
