लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद की कोतवाली सदर पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर गन्ने के खेत से दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम फत्तेपुर स्थित उल नदी के किनारे गन्ने के खेत में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन निवासी शिवपुरी, आरिफ निवासी बेगमबाग और अतहर अली निवासी महराजनगर के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन बड़े बैटरे, दो नए इनवर्टर और 36 छोटी-बड़ी पुरानी बैटरियां बरामद की गई हैं। इस तरह कुल 39 बैटरियां पुलिस ने बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान चोरी की वारदात से संबंधित है और मामले में आगे की जांच जारी है।
24 घंटे पहले दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 13 जुलाई को मोहल्ला शाहपुरा कोठी निवासी काजी सगीर अहमद ने कोतवाली सदर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 306 और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



