कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है। इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राजनीतिक तूफान भी खड़ा कर दिया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान ने इस विवाद को और भड़का दिया, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर तीखा हमला बोला और उनके इस्तीफे की मांग की।
ममता बनर्जी ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, “पीड़िता एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही थी। कॉलेज प्रशासन को अपनी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
रात में लड़कियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।” उनके इस बयान, विशेष रूप से ‘रात में बाहर न जाने’ वाले हिस्से ने सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रिया को जन्म दिया।
भाजपा ने ममता के इस बयान को असंवेदनशील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक करार दिया। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ममता बनर्जी, जो गृह मंत्रालय संभाल रही हैं और स्वयं एक महिला हैं, उनका यह बयान बेहद शर्मनाक है। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
मांझी का ऐलान: अंतिम सांस तक मोदी के साथ, बिहार में एनडीए की बनेगी सरकार
कुछ महीने पहले एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना हुई थी, और अब ममता निजी कॉलेजों पर दोष मढ़ रही हैं।
यह बयान बंगाल की महिलाओं का अपमान है और यह दर्शाता है कि सरकार ने कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण खो दिया है। ममता बनर्जी को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।”
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी ममता की कड़ी आलोचना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “ममता बनर्जी ने दुर्गापुर के आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज में ओडिशा की एक एमबीबीएस छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के लिए पीड़िता को ही जिम्मेदार ठहराया।
उनका कहना है कि लड़कियों को रात में बाहर नहीं जाना चाहिए, क्योंकि ऐसा करना अपराध को न्योता देना है। यह पहली बार नहीं है जब ममता ने पीड़िता को दोषी ठहराया हो। ऐसी मुख्यमंत्री, जो महिलाओं के साथ खड़ी नहीं हो सकती, उसे शासन करने का कोई हक नहीं है।”
इस घटना के विरोध में रविवार को पुरुलिया के काशीपुर थाने के सामने भाजपा ने प्रदर्शन किया, जिसमें जिला अध्यक्ष शंकर महतो और विधायक कमलाकांत हांसदा सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। हांसदा ने कहा, “यह घटना अत्यंत दर्दनाक है।
प्रशासन को तुरंत कार्रवाई कर दोषियों को कठोर सजा देनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हों।”





