मुज़फ़्फ़रनगर। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा ने संगठन में महिला भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आयोजित बैठक के दौरान ममता त्यागी को महासभा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर महिला मोर्चे की राष्ट्रीय कमान दी।

कच्ची सड़क स्थित ममता त्यागी के आवास पर आयोजित बैठक में महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नियुक्ति के बाद ममता त्यागी ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी समेत अन्य पदाधिकारियों का पगड़ी पहनाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। बैठक में संगठन के विस्तार और समाज के बीच इसकी गतिविधियों को गांव-गांव तक मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि संगठन का विस्तार लगातार हो रहा है और इसमें महिला शक्ति की भागीदारी अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ममता त्यागी महिलाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेंगी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ममता त्यागी ने संगठन के नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज की महिलाओं और बेटियों के लिए काम करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह विशेष रूप से उन महिलाओं और बेटियों की आवाज बनने का प्रयास करेंगी, जो पारिवारिक विवादों के कारण परेशान हैं और लंबे समय से अदालतों के चक्कर काट रही हैं।
ममता त्यागी ने कहा कि ऐसे मामलों में परिवारों के बीच समझौते और समाधान की कोशिश की जाएगी, ताकि बेटियों को सम्मान के साथ उनका घर-परिवार मिल सके। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में संगठन की भूमिका को और प्रभावी बनाने की बात भी कही।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने आगामी आंदोलन को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर से हरिद्वार से दिल्ली तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। संगठन के अनुसार यह मार्च यूजीसी कानून और आरक्षण के विरोध में आयोजित किया जाएगा। बैठक में मार्च की रणनीति और तैयारियों को लेकर भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं ने ममता त्यागी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने में सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही 13 सितंबर से प्रस्तावित हरिद्वार-दिल्ली पैदल मार्च को सफल बनाने को लेकर भी समर्थन जताया। बैठक में हरिओम त्यागी, सोनिया सैनी, सीताराम त्यागी, सोनू त्यागी, काला प्रधान, राहुल शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
