Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ में स्टाफ नर्स की हत्या का खुलासा, प्रेमी वार्ड बॉय गिरफ्तार; सुसाइड दिखाने के लिए रची गई थी साजिश

मेरठ में स्टाफ नर्स की हत्या का खुलासा, प्रेमी वार्ड बॉय गिरफ्तार; सुसाइड दिखाने के लिए रची गई थी साजिश

Facebook
Twitter
WhatsApp

मेरठ। मेरठ के एक निजी अस्पताल में कार्यरत 26 वर्षीय स्टाफ नर्स की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या उसके कथित प्रेमी वार्ड बॉय ने जहरीला केमिकल ड्रिप के जरिए शरीर में पहुंचाकर की। वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर महिला की जेब में सल्फास की गोलियां और एक फर्जी सुसाइड नोट भी रख दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश और उसके साथी फरहान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, ब्रह्मपुरी निवासी नेहा हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति रवि की करीब एक वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी और उनका एक वर्ष का बेटा है। शनिवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर अस्पताल पहुंचीं, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल के एक कमरे में उनका शव मिला।

अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना देते हुए प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जताई, लेकिन परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया और हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा भी हुआ।

सीसीटीवी और हैंडराइटिंग से खुला राज

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच में सामने आए तथ्यों और कथित सुसाइड नोट की लिखावट के मिलान के आधार पर पुलिस को आत्महत्या की कहानी पर संदेह हुआ।

पुलिस का दावा है कि जांच में यह सामने आया कि आरोपी वार्ड बॉय ने महिला की हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी जेब में सल्फास की गोलियां और फर्जी सुसाइड नोट रख दिया था।

ALSO READ THIS :  UP: जालौन में चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने दंपत्ति पर किया हमला, गंभीर हालत में कानपुर रेफर

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कैनुला, सीरिंज, मोबाइल फोन, फर्जी सुसाइड नोट, नोटपैड और कथित जहरीला केमिकल भी बरामद किया है। इन सभी साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

परिजनों ने पहले ही जताया था हत्या का शक

मृतका के परिजनों ने शुरुआत से ही अस्पताल प्रबंधन पर घटना की सही जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था। नेहा के देवर ने कहा था कि उन्हें विश्वास नहीं है कि यह आत्महत्या का मामला है और उनकी हत्या की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।

पुलिस ने अब मुख्य आरोपी सुरेश और उसके साथी फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें