Home » विविध इंडिया » पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी के बाद नाबालिग लड़की ने वीडियो में जताया पछतावा, कहा- ‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, मुझे माफ कर दीजिए’

पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी के बाद नाबालिग लड़की ने वीडियो में जताया पछतावा, कहा- ‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, मुझे माफ कर दीजिए’

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में आई एक नाबालिग लड़की का माफी मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की अपने बयान पर पछतावा व्यक्त करते हुए हाथ जोड़कर देशवासियों और प्रधानमंत्री से क्षमा मांगती दिखाई दे रही है। इस मामले में पहले पुलिस शिकायत दर्ज होने के बाद कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई थी।

वीडियो में लड़की स्वीकार करती है कि छात्र प्रदर्शन के दौरान उसने ऐसी बातें कहीं, जिन्हें अब वह पूरी तरह गलत मानती है। उसका कहना है कि प्रदर्शन के माहौल और वहां मौजूद लोगों के प्रभाव में आकर उसने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका उसे अब गहरा पछतावा है।

‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, मुझसे गलती हो गई’

वीडियो में लड़की कहती है कि वह केवल 15 वर्ष की है और उससे बड़ी गलती हो गई। वह कहती है कि उसका किसी प्रकार का विवाद खड़ा करने का इरादा नहीं था, लेकिन विरोध प्रदर्शन के दौरान उसने ऐसी बातें कह दीं जिन्हें अब वह सही नहीं मानती।

लड़की ने कहा कि उसे अपनी बातों के प्रभाव का एहसास हो गया है और वह न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बल्कि उन सभी लोगों से भी माफी मांगती है, जिनकी भावनाएं उसकी टिप्पणियों से आहत हुई हों।

भावुक अंदाज में उसने कहा कि उसे अपने व्यवहार पर बेहद शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उसने वीडियो में कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो कुछ भी किया, वह गलत था। मैंने बहुत सी बुरी बातें कहीं। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मुझे बहुत शर्म आ रही है। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।”

ALSO READ THIS :  मध्य पूर्व संकट: 14वीं रात अमेरिकी हमले बंद, ओमान में वार्ता जारी; जेलेंस्की का दावा- 'रूस दे रहा ईरान को खुफिया मदद'

प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई थी शिकायत

यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब नीट पेपर लीक के विरोध में आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान लड़की द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा। इस मामले में नोएडा में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की कार्रवाई के लिए नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को भेज दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि कथित टिप्पणियों से प्रधानमंत्री के पद की गरिमा प्रभावित हुई और इससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा हुई।

इसी बीच माफी का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो भी चर्चा में था, जिसमें उन्होंने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान अपने खिलाफ इस्तेमाल किए गए अपशब्दों का उल्लेख करते हुए संयम और क्षमा की भावना की बात कही थी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें