मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के सामने बुधवार देर रात एक गेस्ट हाउस और उसके नीचे बनी दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो दुकानें जल गईं, जबकि पास स्थित दूसरे गेस्ट हाउस तक भी आग पहुंच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव पांडे ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के सामने दो गेस्ट हाउस स्थित हैं। इनके नीचे पीसीओ समेत कई दुकानें बनी हुई हैं। रात करीब 12 बजे गेस्ट हाउस के नीचे स्थित दुकानों में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। नीचे बनी दुकानों में प्लाईवुड और लकड़ी का इस्तेमाल होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग ने तीन और गाड़ियां मौके पर बुला लीं। कुल पांच दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सीएफओ के अनुसार, आग से मुख्य रूप से नीचे बनी लकड़ी की दुकानों को नुकसान हुआ है। गेस्ट हाउस के अंदर किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आसपास करीब 50 दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई थीं। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया और उन्हें सुरक्षित बचा लिया।
आग की चपेट में आने से दो दुकानों को नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि दमकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।
एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में एक गेस्ट हाउस में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी सामने आई है। बाद में आग पास स्थित दूसरे गेस्ट हाउस तक भी पहुंच गई। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

