मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। शनिवार शाम धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चली जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
डायल 112 पर आया धमकी भरा फोन
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए एक धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9420112655 से संपर्क कर सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना दी और स्टेशन को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड की टीमें तत्काल स्टेशन पहुंचीं। इसके बाद पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।
रात 9:30 बजे पूरा हुआ तलाशी अभियान
सुरक्षा टीमों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में जांच की। शनिवार रात करीब 9:30 बजे तलाशी अभियान पूरा हुआ। हालांकि, इस दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी है। फिलहाल पुलिस धमकी भरा फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसे पकड़ने में जुटी है। मामले की जांच जारी है और स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बीएमसी कार्यालय और पीएनबी को भी मिली थी धमकी
इससे पहले 12 नवंबर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दोनों संस्थानों के आधिकारिक ईमेल पते पर एक ही पैटर्न के धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
ईमेल मिलने के बाद संबंधित विभागों ने पुलिस को सूचना दी थी। जांच के बाद पुलिस ने दोनों धमकियों को फर्जी बताया था। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों संस्थानों में स्थिति सामान्य है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
