मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में DM कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का मंगलवार को ADM (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। DM सुनील कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान एडीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भी मौजूद रहे।

निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करने के बाद ADM ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईआरके (इंग्लिश रिकॉर्ड कीपिंग) कार्यालय, जनगणना सेल और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, उपलब्ध व्यवस्थाओं और कार्यालयीन गतिविधियों की जानकारी ली।
जनगणना सेल में उन्होंने जनगणना से जुड़े कार्यों और तैयारियों की स्थिति देखी। वहीं, कंट्रोल रूम में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सूचनाओं के आदान-प्रदान की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। ईआरके कार्यालय में अभिलेखों और निर्वाचन संबंधी रिकॉर्ड के रख-रखाव की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ADM ने संबंधित पटल और कार्यालयों में कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा अभिलेखों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त और कार्यप्रणाली सुचारू रहनी चाहिए, ताकि शासकीय कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके।
स्वगणना में भाग लेने की अपील
ADM गम्भीर सिंह ने जनपद के नागरिकों से जनगणना के अंतर्गत निर्धारित अवधि में स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील भी की। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और मकान से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यालयों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

