Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में जन्मदिन पर घर से निकले अश्वनी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मुजफ्फरनगर में जन्मदिन पर घर से निकले अश्वनी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घर से दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले युवक अश्वनी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। थाना खालापार क्षेत्र में शामली रोड स्थित राणा चौक के पास उसका शव पड़ा मिला था। पुलिस ने परिजनों को फोन पर सड़क हादसे की जानकारी दी, लेकिन परिवार ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का सवाल है कि यदि अश्वनी का एक्सीडेंट हुआ था तो उसकी बाइक कहां है? घटनास्थल पर दुर्घटना से जुड़े अन्य सामान भी नहीं मिले। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतक के छोटे भाई विशाल के मुताबिक, कल अश्वनी का जन्मदिन था। दोपहर करीब डेढ़ बजे ओरिएंट पेपर मिल में काम करने वाले उसके कुछ साथियों ने फोन कर उसे पार्टी के लिए बुलाया था। इसके बाद अश्वनी घर से चला गया। शाम करीब छह बजे उसकी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

विशाल ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी भाभी के मोबाइल पर फोन आया। कॉल पुलिसकर्मियों ने की थी, जिन्होंने बताया कि अश्वनी का मोबाइल उनके पास है तथा उसका एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग जानकारी लेने पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि अश्वनी का शव शामली बाईपास स्थित राणा चौक के पास मिला था।

परिजनों ने घटनास्थल की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। विशाल के मुताबिक, उन्होंने पुलिस से भाई की बाइक के बारे में पूछा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उनका कहना है कि यदि सड़क हादसा हुआ है तो बाइक कहां है और घटनास्थल पर दुर्घटना से संबंधित अन्य सामान क्यों नहीं मिला? परिवार का कहना है कि अश्वनी के साथ क्या हुआ, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। इसी वजह से उन्हें उसकी मौत के पीछे साजिश की आशंका है।

ALSO READ THIS :  सफाई कर्मचारियों के EPF में गड़बड़ी पर सख्त NCSK चेयरमैन: मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचे भगवत प्रसाद मकवाना ने की समीक्षा बैठक; बोले- ‘दोषी मिला तो होगी कार्रवाई’

विशाल ने कुछ युवकों पर भी संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि मोहसिन नाम के युवक सहित अश्वनी के कुछ दोस्तों से फोन पर बात की गई थी। उनसे पूछा गया कि अश्वनी उनके साथ था या नहीं, लेकिन उन्होंने उसके साथ होने से इनकार कर दिया। विशाल का दावा है कि अश्वनी के मोबाइल से मिले डाटा में चारों युवकों के साथ वीडियो कॉल और फोटो मौजूद हैं। इस बारे में पूछने पर कथित तौर पर युवकों ने जवाब दिया कि जो करना है कर लो।

परिजनों ने मामले में तहरीर देने की बात कही है। विशाल के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि थाना खालापार क्षेत्र में शामली रोड स्थित हाईवे पर युवक का शव मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें