मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में बाबा श्याम की भक्ति और आस्था का नजारा देखने को मिला। शहर की हृदयस्थली शिव चौक से प्रसिद्ध श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर के लिए बाबा श्याम की निशान यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में बाबा का निशान लेकर शामिल हुए। कोई निशान उठाकर पैदल चल रहा था तो कोई भजन गाते और जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूमता नजर आया। श्रद्धालु अपनी मन्नतों और मनोकामनाओं के साथ बाबा श्याम का निशान लेकर यात्रा में शामिल हुए।

निशान यात्रा का शुभारंभ प्रदेश सरकार में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, अध्यक्ष भीम सेन कंसल, व्यापारी नेता संजय मित्तल और उद्योगपति अमित गर्ग ने बाबा श्याम के निशान की पूजा-अर्चना करके किया। पूजा के बाद यात्रा को रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। शिव चौक से यात्रा शुरू होते ही बाबा श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। इतना ही नहीं मंत्री कपिलदेव अग्रवाल बाबा की भक्ति और भजनों की थाप पर जमकर थिरके। उन्होंने बाबा की भक्ति से सराबोर होकर जमकर डांस किया।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर पैदल मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में भजन गाते, नाचते और झूमते हुए भक्त अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी के चलते निशान यात्रा ने भव्य स्वरूप ले लिया। बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह और समर्पण यात्रा के दौरान साफ दिखाई दिया।
शिव चौक से शुरू हुई यह निशान यात्रा श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में श्रद्धालु बाबा श्याम को अपना निशान अर्पित करेंगे। निशान चढ़ाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यात्रा संपन्न होगी।

