मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सोमवार शाम भोपा रोड पर स्ट्रीट लाइट का पोल लगाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जहां हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से ठेकेदार के कर्मचारी बंटी गंभीर रूप से झुलस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

हाईटेंशन तार से टकराया पोल, करंट की चपेट में आया कर्मचारी
जानकारी के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी बंटी, पुत्र हरिओम, स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रहे थे। सोमवार शाम भोपा रोड पर स्ट्रीट लाइट का पोल लगाया जा रहा था। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही पोल में करंट उतर गया और बंटी उसकी चपेट में आ गए।
करंट लगने से बंटी गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
चार महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
बंटी की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद इस दर्दनाक हादसे में उनकी मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। कम उम्र में परिवार के सहारे की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश दिखाई दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप था कि हादसे के बाद वे अपने स्तर पर कार्रवाई और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग कर रहे थे। इसी को लेकर काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की।
शव को लेकर परिजनों ने जताई नाराजगी, अधिकारियों ने समझाया
हादसे के बाद मृतक के परिजन शव को लेकर अपनी मांगों पर अड़े रहे। मौके पर भीड़ जुटने के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों की मांग थी कि पहले पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कराई जाए और उसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाए।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और शव की आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सहमत हो गए।
सीओ नई मंडी ने बताया कैसे हुआ हादसा
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान बंटी पुत्र हरिओम, निवासी मुस्तफाबाद, थाना नई मंडी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बंटी स्टेट लाइट यानी हाईटेक स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान स्ट्रीट लाइट का पोल ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से टच हो गया, जिससे पोल में करंट उतर गया और बंटी दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
सीओ ने बताया कि घटना के बाद परिजनों में नाराजगी थी। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया में शामिल कराया। पंचायतनामा की कार्रवाई की गई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जाम को लेकर पुलिस ने साफ की स्थिति
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुटने और परिजनों की नाराजगी के बीच सड़क पर जाम लगने की बात सामने आई थी। हालांकि सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने सड़क जाम होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। प्रशासन और परिजनों के बीच करीब दस से पंद्रह मिनट तक बातचीत के दौरान भीड़ जरूर एकत्र हुई थी, लेकिन सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सामान्य है। परिजन भी शांतिपूर्ण तरीके से शव की पंचायतनामा और अंतिम संस्कार से जुड़ी प्रक्रिया के लिए राजी हो गए हैं।
तहरीर के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार परिजनों की मांग थी कि पहले पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की जाए। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद मृत्यु के कारणों के आधार पर परिजनों की ओर से तहरीर दी जाएगी। तहरीर मिलने के बाद जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, उसे नियमानुसार आगे बढ़ाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। चार महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब बंटी की मौत से मातम का माहौल है।



