मुज़फ़्फ़रनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर बिलासपुर कट मारपीट की घटनाओं को लेकर खूब चर्चा में है। शुक्रवार रात यहां कई लोगों ने एक युवक को घेरकर पीटा था, जबकि शनिवार रात करीब 9 बजे फिर से इसी इलाके में दो बाइकों के बीच मामूली साइड लगने के बाद दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और बीच सड़क दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क पर दोनों गुटों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम दो बाइकों के बीच मामूली टक्कर या साइड लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों बाइकों पर सवार 4 से 5 युवकों के बीच कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। सड़क पर ही मारपीट होने से वहां अफरा तफरी मच गई और लोग तमाशबीन बन मारपीट देखते रहे।
सामने आए वीडियो में दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामूली विवाद के बाद शुरू हुई हाथापाई इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे को पीटते नजर आए। हालांकि, मारपीट करने एले युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। चश्मदीद बिट्टू का कहना है कि दोनों पक्षों में करीब 10 मिनट तक विवाद के बाद मारपीट होती रही। बाद में कुछ लोगों ने बीच बचाव कराया और दोनों पक्षों को अलग थलग कराया। मारपीट में एक युवक के कपड़े तक फट गए।
यह मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर कट का है। इससे एक रात पहले भी इसी इलाके में एक युवक की कई लोगों द्वारा पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगातार दो दिनों में मारपीट की घटनाएं सामने आने से हाईवे के इस कट पर सुरक्षा और सड़क पर होने वाले विवादों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

