Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में कंबोडिया से जुड़े साइबर नेटवर्क का खुलासा, 3648 सिम से OTP विदेश भेजने के आरोप में अमरोहा के 3 गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में कंबोडिया से जुड़े साइबर नेटवर्क का खुलासा, 3648 सिम से OTP विदेश भेजने के आरोप में अमरोहा के 3 गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर में साइबर ठगी के ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें गरीबों और जरूरतमंदों के दस्तावेजों पर सिम जारी कराकर उनके OTP विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को बेचे जा रहे थे। सरकारी योजनाओं, राशन, बीमा और NGO से मदद दिलाने का झांसा देकर लोगों की KYC कराई जाती थी। फिर उनके नाम पर जारी सिम से OTP हासिल कर 150 से 300 रुपये में कंबोडिया से जुड़े साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। साइबर क्राइम पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अमरोहा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में 3,648 यूनिक सिम कार्ड सामने आए हैं।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान SSP सूरज कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नेटवर्क का खुलासा डिजिटल अरेस्ट के जरिए 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी के मामले की जांच में हुआ। 15 अक्टूबर को साइबर ठगों ने एक पीड़ित को फोन कर बताया कि उसके नाम की सिम कश्मीर में आतंकियों के पास मिली है और उसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में हुआ है। इसके बाद फर्जी गिरफ्तारी वारंट, गोपनीयता समझौते और सरकारी एजेंसियों के नाम से फेक नोटिस व्हाट्सएप के जरिए भेजकर उसे डराया गया। 15 से 23 अक्टूबर तक नौ दिन डिजिटल अरेस्ट रखकर गिरफ्तारी और आजीवन कारावास का भय दिखाया गया। इसी दौरान 20.94 लाख रुपये ठग लिए गए।

SSP ने बताया कि शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इसकी गहनता से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण में 49 IMEI नंबरों पर इस्तेमाल हुए मोबाइल फोन और 8,223 सिम कार्ड का डेटा खंगाला गया। इसमें 3,648 यूनिक सिम कार्ड सामने आए। इनमें VI के 2,550, एयरटेल के 1,035 और जियो के 63 सिम शामिल थे। अधिकांश सिम अमरोहा से जारी हुए थे, जबकि उनसे जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित पाए गए।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में रास्ते पर युवक का शव मिलने से हड़कंप: इरशाद के रूप में हुई मृतक की पहचान

SSP सूरज कुमार राय के मुताबिक, इस नेटवर्क में तीनों आरोपियों की अलग-अलग भूमिका थी। अब्दुल मलिक एयरटेल, VI, जियो और BSNL का POS एजेंट था, जबकि अक्षय कुमार अग्रवाल VI का डिस्ट्रीब्यूटर बताया गया है। दोनों के जरिए जारी सिम अंकुश सैनी तक पहुंचते थे। अंकुश पुराने मोबाइल फोन खरीदकर उनमें सिम लगाता, OTP हासिल करता और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को भेजता था। हर OTP के बदले 150 से 300 रुपये मिलने का आरोप है।

SSP के मुताबिक, जांच में इस नेटवर्क के जरिए डिजिटल अरेस्ट के अलावा ई-कॉमर्स, ऑनलाइन गेमिंग, गैस एजेंसी और सोशल मीडिया से जुड़े OTP बेचने का मामला भी सामने आया है। शॉपिंग और इंस्टेंट डिलीवरी कंपनियों के नाम पर ऑर्डर बुक कराकर उन्हें कैंसिल करने और रिफंड प्रक्रिया का दुरुपयोग करने का तरीका भी अपनाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, मंडी धनौरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान नगर, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। साइबर क्राइम थाना मुज़फ़्फ़रनगर में मुकदमा संख्या 38/2026 के तहत BNS की धाराओं और IT Act की धारा 66C व 66D में कार्रवाई की गई है।

इस मामले में मास्टरमाइंड अंकुश सैनी का मौसेरा भाई अभी फरार है। SSP सूरज कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि फरार आरोपी एक NGO चलाता है, जो गरीब एवं भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर एक फार्म भरवाता था और आधार कार्ड समेत कई दस्तावेजों को ले लिया करता था। इन सारी जानकारियों को वो अंकुश सैनी को मुहैया कराता था। जिसके बाद अंकुश उनके नाम और मोबाइल सिम जारी कराता था।

ALSO READ THIS :  अब मुज़फ़्फ़रनगर में ही होगी कैंसर की कीमोथेरेपी: दिल्ली के बड़े हॉस्पिटल बीएलके-मैक्स ने शुरू की ऑन्कोलॉजी सुविधा

SSP ने इस गुडवर्क के लिए साइबर क्राइम टीम को 25 हजार रूपये के नकद इनाम देने की घोषणा की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ और साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह समेत पूरी टीम मौजूद रही।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें