Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में कांवड़ ड्यूटी के दौरान करंट लगने से नगर पालिका के ठेका कर्मी की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा

मुजफ्फरनगर में कांवड़ ड्यूटी के दौरान करंट लगने से नगर पालिका के ठेका कर्मी की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच नगर पालिका परिषद के पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत एक ठेका कर्मी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।

जानकारी के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव रथेड़ी निवासी 24 वर्षीय हर्ष पुत्र धारा सिंह नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में ठेका कंपनी अल्संस के अधीन हेल्पर के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार सुबह वह रेदासपुरी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के तुरंत बाद साथ में काम कर रहे कर्मचारी उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और परिचित बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां उन्होंने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया।

परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक सावधानियों के बिजली से जुड़े कार्य कराए जा रहे थे। उनका कहना है कि यदि विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और कार्य के दौरान उचित व्यवस्था होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ALSO READ THIS :  कानपुर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दो मासूम समेत तीन की मौत, पांच घायल

मृतक हर्ष करीब एक वर्ष से ठेका कंपनी अल्संस के माध्यम से नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत था और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का कार्य करता था। कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में विद्युत और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का अभियान चल रहा है, जिसके तहत वह ड्यूटी पर तैनात था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें