मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर कचहरी में दिनदहाड़े महिला और उसके भाई के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शुक्रवार को अधिवक्ताओं के चेंबर के बाहर हुई इस घटना के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। महिला ने अपने पति और उसके साथ आए चार से पांच लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
मामला बुढ़ाना क्षेत्र के शाहडब्बर गांव निवासी सिया राठी से जुड़ा है। दावा किया जा रहा है कि सिया की शादी कुछ महीने पहले बागपत जिले के रछाड़ गांव निवासी अमित से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और दहेज की मांग करता था। इस मामले में उसने बुढ़ाना थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सिया अपने पिता और भाई के साथ कोर्ट में तारीख पर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति अमित चार से पांच लोगों के साथ वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कचहरी परिसर में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिनदहाड़े कचहरी परिसर में हुई मारपीट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

