मुजफ्फरनगर। ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को स्थानीय एक होटल में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इण्डिया) व केनव्यू के सहयोग से दवा व्यापारियों (केमिस्ट एसोसिएशन) की अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला की अध्यक्षता मुजफ्फरनगर केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक योगेश मदन ने की। कार्यशाला में यह तय हुआ कि डायरिया से किसी भी बच्चे की मौत न होने पाए, इसके लिए मिलकर जागरूकता से लेकर अन्य स्तर पर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे।
कार्यशाला में पीएसआई इंडिया की प्रतिनिधि कोमल घई और भारती ने संस्था और डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के बारे में सभी को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्युदर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री अक्षय मित्तल ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संरक्षक योगेश मदन ने डायरिया को रोकने के लिए आस-पास के वातावरण में स्वच्छता, सही तरीके से हाथ धोना, स्तनपान आदि के बारे में जानकारी दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलजीत सिंह ने डायरिया के लिए जिंक और ओआरएस के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम में केमिस्ट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजेश जुनेजा, विजेंद्र शर्मा, आशीष अग्रवाल, वरुण चौधरी, हर्ष भाटिया, रवि कौशिक सहित केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों व पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


