Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में मूसलाधार बारिश ने ठप की बिजली व्यवस्था, सबस्टेशन बने ‘टापू’, कई बिजलीघर डूबे, खंभे झुकें और तार टूटे

मुज़फ़्फ़रनगर में मूसलाधार बारिश ने ठप की बिजली व्यवस्था, सबस्टेशन बने ‘टापू’, कई बिजलीघर डूबे, खंभे झुकें और तार टूटे

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जिले की बिजली व्यवस्था पर भी भारी पड़ने लगी है। शहर से लेकर गांव तक कई बिजलीघरों में जलभराव हो गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में बीती रात से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली विभाग की टीमें लगातार बारिश के बीच आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं।

शहरी क्षेत्र के रामपुर तिराहा और टीपी नगर बिजलीघर में बारिश का पानी अंदर तक भर गया। हालात ऐसे हो गए कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर तक पानी में डूब गए हैं। वहीं सुरेंद्र नगर बिजलीघर के सहावली नाले वाले फीडर की लाइन पर भारी संख्या में पेड़ झुक जाने के कारण सुरक्षा के मद्देनज़र आपूर्ति बंद करनी पड़ी।

अधिशासी अभियंता (नगरीय) सागरमल ने बताया कि टीपी नगर बिजलीघर से जुड़े गांधी नगर और भोपा रोड के कुछ औद्योगिक क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे शहरी क्षेत्र में करीब 150 विद्युत कर्मियों की टीमें लगातार बारिश के बीच फॉल्ट दूर करने का कार्य कर रही हैं। जहां-जहां बारिश के कारण सप्लाई बाधित हो रही है, वहां तत्काल मरम्मत कर बिजली बहाल की जा रही है।

उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और अधिक गंभीर बने हुए हैं। अधिकांश ग्रामीण बिजलीघरों की आपूर्ति बुधवार देर रात से ही बाधित है। जानसठ बिजलीघर में जलभराव होने के कारण पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं, जबकि सिखेड़ा नंगला बिजलीघर की आपूर्ति भी रात से बंद है।

लगातार बिजली गुल रहने से लोगों के मोबाइल फोन, इनवर्टर बैटरियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जवाब दे चुके हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर के फुलत मदरसे पर अवैध धर्मांतरण और फंडिंग का आरोप, स्वामी यशवीर की वीडियो के बाद जांच में जुटी खुफिया टीमें

मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में लगे बिजली के खंभों की नींव कमजोर हो गई है और कई स्थानों पर खंभे झुक गए हैं। शुक्रतीर्थ, बुढ़ाना और खतौली आदि समेत कई क्षेत्र से ऐसे कई मामले सामने आए हैं। विभाग की टीमें बारिश के बीच ही इन खंभों को दुरुस्त करने में लगी हैं, हालांकि लगातार बारिश के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पूरे जिले में एसएसओ सहित लगभग 400 कर्मचारियों की टीम रात से ही बिजली व्यवस्था को सामान्य करने में जुटी हुई है और प्राथमिकता के आधार पर फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें