मुज़फ्फरनगर। शहर में मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे से 5 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। तेज बारिश के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा असर शिव चौक क्षेत्र में दिखाई दिया। यहां सड़क पर काफी पानी भरने के कारण पूरा इलाका जलमग्न नजर आया। शिव चौक से मेरठ रोड की तरफ मीनाक्षी चौक तक पूरी सड़क पर पानी भर गया। इसी तरह रुड़की रोड पर नावल्टी चौक तक सड़क तालाब जैसी नजर आई।
बारिश के दौरान सड़क पर पानी अधिक जमा होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। पानी के बीच से गुजरने के दौरान कई बाइक बंद हो गईं, जिसके बाद वाहन चालकों को उन्हें धक्का देकर या किसी तरह पानी से बाहर निकालना पड़ा।
शहर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव के चलते राहगीरों को भी काफी दिक्कत हुई। कई स्थानों पर सड़क और जलभराव वाले हिस्से के बीच अंतर करना मुश्किल नजर आया। इससे वाहन चालकों को धीमी गति से निकलना पड़ा और यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
बारिश ने एक बार फिर शहर में जल निकासी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर बार तेज बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। खास तौर पर व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर पानी भरने से आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
फिलहाल बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की जरूरत है।
आपको बता दें कि इसी तरह का नज़ारा कांवड यात्रा के दौरान 10 अगस्त को भी देखने को मिला था। उस वक्त डीएम उमेश कुमार मिश्रा और SSP संजय कुमार वर्मा समेत पूरा सरकारी अमला शिव चौक जा पहुंचा था। अधिकारियों ने खुद पानी में उतरकर स्थिति को संभालने की कोशिश की थी। इसी तरह से आज भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। हालांकि इस बार कोई अधिकारी नज़र नहीं आया, बल्कि खुद नागरिकों को जेल भराव की इस समस्या से दो दो हाथ होना पड़ा।



