Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में बारिश का डबल अटैक, गर्मी-उमस हुई छूमंतर: रातभर रुक-रुककर बरसने के बाद मंगलवार सुबह मूसलाधार बारिश

मुज़फ़्फ़रनगर में बारिश का डबल अटैक, गर्मी-उमस हुई छूमंतर: रातभर रुक-रुककर बरसने के बाद मंगलवार सुबह मूसलाधार बारिश

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को आखिरकार बारिश ने बड़ी राहत दे दी। सोमवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला पूरी रात रुक-रुककर जारी रहा, लेकिन मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदली कि हल्की फुहारें देखते ही देखते मूसलाधार बारिश में बदल गईं। सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई तेज बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया।

सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा था, लेकिन लोगों को दोपहर बाद बारिश का इंतजार करना पड़ा। वहीं मंगलवार को हालात बिल्कुल अलग रहे। अल सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई और कुछ ही देर बाद बादल जमकर बरसने लगे। तेज बारिश के साथ कई जगह बिजली भी कड़की, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया।

हालांकि बारिश ने गर्मी और उमस से राहत जरूर दिलाई, लेकिन ऑफिस, स्कूल और रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकलने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गईं। कई लोगों को छाता और रेनकोट का सहारा लेकर निकलना पड़ा, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बारिश थमने का इंतजार करते हुए घरों और दुकानों में ही रुके रहे।

मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं मंगलवार को यह गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा की रफ्तार भी 5 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 11 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई, जिससे उमस पूरी तरह खत्म हो गई। बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया और AQI घटकर 98 पर पहुंच गया।

ALSO READ THIS :  जम्मू-कश्मीर में बाढ़ का तांडव: गाड़ियां और दुकानें बहीं, एक महिला लापता, दहशत का माहौल, अलर्ट ज़ारी

मौसम का मिजाज अभी भी पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में बिजली की कड़क के साथ तेज बारिश जारी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ घंटों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें