मुजफ्फरनगर. जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खतौली थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 10 हजार रुपये का इनामी गौकश शकील गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, थाना खतौली पुलिस टीम एनएच-58 हाईवे से ग्राम सरधन जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा।
पुलिस से घिरता देख आरोपी की बाइक फिसल गई, जिसके बाद वह ईख के खेत की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश शकील पुत्र बिन्नी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शकील मूल रूप से थाना दौराला (मेरठ) क्षेत्र के ग्राम रुहासा का निवासी है और वर्तमान में खतौली क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ कई थानों में गौकशी और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
बताया गया कि शकील थाना खतौली में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इस संबंध में एएसपी खतौली राम आशीष यादव ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




