Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा: मीनाक्षी चौक पर बीच सड़क धरने पर बैठी, पुलिस को छुड़ाए पसीने

मुजफ्फरनगर में महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा: मीनाक्षी चौक पर बीच सड़क धरने पर बैठी, पुलिस को छुड़ाए पसीने

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा की दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार शाम करीब 5:30 शहर के व्यस्त मीनाक्षी चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। कांवड़ियों की लगातार आवाजाही और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद महिला काफी देर तक सड़क छोड़ने को तैयार नहीं हुई, जिससे पुलिस अधिकारियों के सामने स्थिति संभालना चुनौती बन गई।

महिला ने बीच सड़क धरने पर बैठकर विरोध–प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद सिविल लाइन थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने काफी देर तक समझाने और मनाने का प्रयास किया, लेकिन महिला किसी भी कीमत पर उठने को तैयार नहीं हुई। इसी दौरान कांवड़ियों की आवाजाही भी जारी रही, जिससे पुलिस को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान वहां जाम की स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ती देख महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी को महिला पुलिस बल के साथ मौके पर बुलाया गया। काफी समझाने के बाद भी जब महिला नहीं मानी तो महिला पुलिसकर्मियों ने उसे उठाकर पुलिस वाहन में बैठाया और थाने ले गईं। इस दौरान महिला ने काफी विरोध किया और पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई और स्थिति को सामान्य कराया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के बेटे का कुछ देर पहले एक युवक से बाइक टकराने के बाद विवाद हो गया था। बताया गया कि युवक शराब के नशे में था। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, समझाइश के बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद युवक अपनी मां को लेकर दोबारा मीनाक्षी चौक पहुंचा और हंगामा करने लगा। पुलिस ने युवक को दोबारा हिरासत में लिया तो उसकी मां बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

ALSO READ THIS :  यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, अमला गांव में बैठक; कच्ची शराब माफियाओं में हड़कंप

 

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें