मुजफ्फरनगर. जनपद के बघरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पिन्ना में 709 AD ब्रिज के नीचे बनी सड़क की जर्जर हालत अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। सड़क बार-बार उखड़ने के कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

ग्राम पिन्ना निवासी किसान एवं आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक ने इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को प्रार्थना पत्र भेजकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उक्त सड़क का कई बार निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन हर बार कुछ ही समय में सड़क दोबारा टूट जाती है, जिससे निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन वाहन फिसलने और गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट: 29 मार्च को येलो अलर्ट, तेज बारिश-आंधी-तूफान की संभावना; AQI में सुधार
सुमित मलिक ने बताया कि उन्होंने 3 मार्च 2026 को भी इस समस्या को लेकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्तमान में सड़क कई स्थानों से उखड़ी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने NHAI चेयरमैन से मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़क का उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।फिलहाल, क्षेत्रीय लोगों की निगाहें अब प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



