Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » पुरकाजी में 47 लाख की जमीन डील में धोखाधड़ी: रकम मांगने पर जान से मारने की कोशिश का दावा, भूमि खरीद के नाम पर बैंक से लोन कराकर की गई ठगी

पुरकाजी में 47 लाख की जमीन डील में धोखाधड़ी: रकम मांगने पर जान से मारने की कोशिश का दावा, भूमि खरीद के नाम पर बैंक से लोन कराकर की गई ठगी

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद के पुरकाजी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने जमीन खरीद के नाम पर 47 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, मारपीट, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पीड़ित अपने साथियों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचा और एसएसपी के नाम प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुरकाजी थाना क्षेत्र के भोजाहेड़ी निवासी मोहम्मद सुलेमान का आरोप है कि कुछ लोगों ने स्वयं को प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए विवाद-मुक्त कृषि भूमि दिलाने का भरोसा दिया। पहले उन्हें बैंक से लोन लेने के लिए प्रेरित किया गया और बाद में उसी धनराशि से जमीन खरीदने के नाम पर कथित धोखाधड़ी की गई।

पीड़ित का आरोप है कि अक्टूबर 2025 में उसे ग्राम बागोवाली स्थित भूमि दिखाई गई और बताया गया कि संबंधित भूमि पूरी तरह विवाद-मुक्त है। आरोप है कि इसी आधार पर 25 अक्टूबर 2025 को 21 लाख रुपये का भुगतान कराया गया तथा 26 अक्टूबर को एग्रीमेंट कराया गया। बाद में अलग-अलग तिथियों में कुल 47 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया।

पीड़ित ने ये भी आरोप लगाया कि जब बैनामा कराने की बात आई तो आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि जो भूमि दिखाई गई थी, वह एग्रीमेंट में दर्ज भूमि से अलग थी तथा भूमि संबंधी अन्य तथ्यों में भी कथित रूप से गड़बड़ी मिली। इसके बाद पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उसे लगातार बहाने बनाकर टाला जाता रहा।

ALSO READ THIS :  इंस्टाग्राम पर सजाई हुई थी हथियारों की दुकान! पुलिस ने धर दबोचे 7 सौदागर! ऑनलाइन होती थी डील!

यह भी आरोप लगाया गया है कि 21 जून 2026 को ग्राम बागोवाली में पंचायत के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तब नामजद लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। शिकायत में गला दबाकर हत्या का प्रयास करने, अवैध तमंचा दिखाकर धमकाने और जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। शोर मचने पर आसपास के लोग पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने एसएसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, मारपीट, जान से मारने की धमकी एवं अन्य संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें