मुज़फ़्फ़रनगर। एक बाइक पर पांच युवकों के सवार होकर हाईवे पर दौड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरापुर के मुझेड़ा टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। बाइक पर एक साथ पांच युवक सवार नजर आ रहे हैं, जिसके बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे वायरल वीडियो में पांच युवक एक ही बाइक पर सवार होकर हाईवे से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। बाइक को इस तरह चलाया जा रहा है कि वह सामान्य दोपहिया वाहन के बजाय बैलगाड़ी जैसी नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो रात के अंधेरे में शूट किया गया है। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरा मामला रात करीब 10 से 11 बजे के आसपास का रहा होगा। एक युवक बाइक चला रहा है, जबकि 4 युवक उसके पीछे बाइक पर सवार है। हैरत इस बात की है कि वीडियो बनते देख सभी युवक डरने की बजाए पोज़ देते दिखाई दे रहे हैं।
मामले में मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। ट्वीट के जरिए पुलिस का कहना है कि यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार चालान किया है।
एक बाइक पर पांच लोगों के सवार होने का यह वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के पालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हाईवे पर इस तरह बाइक चलाने से हादसे का खतरा बढ़ सकता है।

