मुज़फ़्फ़रनगर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज विवरण में गलतियां ठीक कराने के लिए 17 अक्टूबर की ही तरह आज शनिवार 24 अक्टूबर को भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और चुनाव से जुड़े अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद हैं, जो पात्र नागरिक अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं, वे बूथ पर पहुंचकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर संशोधन के लिए भी आवेदन दिया जा रहा है।

यह अभियान उन नागरिकों के लिए मौका है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं। इसके अलावा जिन मतदाताओं के नाम या पते में त्रुटि है, वे भी संबंधित बूथ पर पहुंचकर सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान बीएलओ से फॉर्म भरने में मदद भी ली जा सकती है।
प्रशासन के अनुसार, पिछले विशेष अभियान में लोगों की भागीदारी अपेक्षा के मुताबिक कम रही थी। त्योहारों के माहौल और पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने को इसकी संभावित वजह बताया गया था। लोगों को जागरूक करने के लिए नगरपालिका के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। इसके बाद मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान और नए नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 17 अक्टूबर के बाद 24 अक्टूबर को दूसरा विशेष अभियान निर्धारित किया गया है।
इसके बाद वार्षिक मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें पहले प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची जारी होगी। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे आज अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
