Home » उत्तर प्रदेश » नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क: आरटीओ चालान, शेयर मार्केट और गेमिंग के जाल में फंसाकर नौ लोगों से 69 लाख की ठगी

नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क: आरटीओ चालान, शेयर मार्केट और गेमिंग के जाल में फंसाकर नौ लोगों से 69 लाख की ठगी

Facebook
Twitter
WhatsApp

नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार पैर पसार रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले नौ लोगों से शातिर ठगों ने अलग-अलग हथकंडे अपनाकर करीब 69 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली है। पीड़ितों की लिखित शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने शुक्रवार की रात को सभी मामले दर्ज कर लिए हैं और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे जांच शुरू कर दी है।

आरटीओ चालान और शेयर मार्केट के नाम पर लाखों का चूना

पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने शनिवार को बताया कि बरौला गांव के रहने वाले वीरेंद्र बिष्ट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर अपराधियों ने उन्हें शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच दिया और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ७ लाख २४ हजार ५१२ रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। वहीं, मनोज कुमार पटेल नाम के व्यक्ति के साथ १४ लाख ५५ हजार रुपये की सबसे बड़ी ठगी हुई। मनोज के मोबाइल पर आरटीओ चालान का एक फर्जी मैसेज आया था। जैसे ही उन्होंने उस मैसेज के लिंक को खोला, साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और खाते से रकम साफ कर दी।

बच्चे को गेमिंग और महिला को इंश्योरेंस का झांसा

ठगी का एक अन्य हैरान करने वाला मामला सेक्टर ४५ से सामने आया है। यहां रहने वाली शबनम खातून का बेटा फैजान मोबाइल पर गेम खेल रहा था, तभी साइबर ठगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और डरा-धमकाकर या बहला-फुसलाकर अलग-अलग खातों में ५ लाख ३२ हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा, आरती तिवारी नामक महिला को अमित मेहता नाम के एक व्यक्ति ने खुद को जीवन सुरक्षा कंपनी का कर्मचारी बताकर पुरानी पॉलिसी का पैसा वापस दिलाने का झांसा दिया और करीब ५.५ लाख रुपये ठग लिए।

ALSO READ THIS :  नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा आतंक: डिजिटल अरेस्ट, निवेश और शादी का झांसा देकर 8 लोगों से उड़ाए 67 लाख से अधिक; डीसीपी ने दी जानकारी

बैंक खातों में सेंधमारी कर उड़ाए लाखों रुपये

साइबर अपराधियों ने कई लोगों के बैंक खातों में सीधी सेंधमारी भी की है। सेक्टर ३४ स्थित हिमगिरि अपार्टमेंट के निवासी शशि सहगल के खाते से धोखे से ७ लाख ४९ हजार रुपये पार कर दिए गए, जबकि राजकुमार नामक व्यक्ति के इंडसइंड बैंक खाते से अज्ञात ठगों ने ८ लाख ४८ हजार रुपये उड़ा दिए। डीसीपी शैव्या गोयल के अनुसार, इसी तरह शंभूनाथ से ७ लाख २ हजार रुपये, राजेश से ७ लाख ८० हजार रुपये और हेमंत कुमार शर्मा से ८ लाख ४६ हजार ६२५ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। साइबर क्राइम की टीम सभी बैंक खातों और मोबाइल नंबर्स को ट्रेस कर रही है ताकि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें