Home » उत्तर प्रदेश » ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- ‘राहुल गांधी अब आपसे बीस, यूपी में कांग्रेस मांगेगी 200 सीटें’

ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- ‘राहुल गांधी अब आपसे बीस, यूपी में कांग्रेस मांगेगी 200 सीटें’

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस का प्रभाव समाजवादी पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 200 सीटों की मांग पहले से अधिक मजबूती के साथ कर सकती है।

सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अब सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए कि राहुल गांधी उनके “ब्लॉक के बड़के भैया” हैं।

राजभर ने लिखा, “अखिलेश यादव, हफ्ते भर से आप और आपके बॉस संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं। यह अच्छी बात नहीं है। सुझाव है कि आज अपने सांसदों से तो कहिए कि सदन चलने दें और अपने बॉस राहुल जी से भी थोड़ा अनुरोध कर लीजिए।”

उन्होंने आगे कहा कि हाल के दिनों में राहुल गांधी की राजनीतिक सक्रियता यह दिखा रही है कि विपक्ष में नेतृत्व की भूमिका उनके हाथ में है। राजभर ने लिखा कि पिछले सप्ताह राहुल गांधी अचानक सड़क पर उतर आए और अखिलेश यादव देखते रह गए।

‘कांग्रेस अब यूपी में आपसे आगे निकल रही है’

ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से अधिक मजबूत स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में 200 सीटों की मांग करती है तो अखिलेश यादव के लिए उसे मना करना आसान नहीं होगा।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में सपा का कुनबा बढ़ा! बड़ी संख्या में लोगों ने थामा 'साइकिल' का हैंडल, दो नेताओं को मिली प्रदेश में जगह

उन्होंने लिखा, “मानिए या न मानिए, कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में आपसे बीस है और आप उन्नीस रह गए हैं।”

राजभर ने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण कमजोर पड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं का रुझान भी बदल रहा है और अब समाजवादी पार्टी की रणनीति में उन्हें पहले जैसा भरोसा नजर नहीं आ रहा।

जमीन पर उतरने की दी सलाह

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया और वातानुकूलित कमरों की राजनीति छोड़कर जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि विदेश यात्राओं की बजाय उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट और गैर-यादव समाज के बीच अधिक समय देना चाहिए।

राजभर ने अंत में फिर तंज कसते हुए कहा कि अब अखिलेश यादव को सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि राहुल गांधी उनके “ब्लॉक में बड़के भैया” हैं।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में ओम प्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर राजनीतिक हमले करते रहे हैं। इससे पहले भी वे जातीय राजनीति, कानून-व्यवस्था और विपक्षी गठबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सपा की आलोचना कर चुके हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संबंधों को लेकर अपनी टिप्पणी की है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें