Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » कैबिनेट मंत्री अनिल ने मंच से जिलाध्यक्ष को पीछे धकेला, VIDEO हुआ वायरल: भाषण के बीच पहुंचे संजय राठी तो अनिल कुमार बोले- “एक मिनट रुक जाओ अध्यक्ष जी… छेड़ो ना… पीछे को हट जाओ”

कैबिनेट मंत्री अनिल ने मंच से जिलाध्यक्ष को पीछे धकेला, VIDEO हुआ वायरल: भाषण के बीच पहुंचे संजय राठी तो अनिल कुमार बोले- “एक मिनट रुक जाओ अध्यक्ष जी… छेड़ो ना… पीछे को हट जाओ”

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। नाम था ‘सामाजिक समरसता सम्मेलन’… मंच से संदेश था भाईचारे, संवाद और समन्वय का। लेकिन इसी मंच पर कैमरे में कैद कुछ सेकंड अब पूरे सम्मेलन की चमक-दमक पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। RLD के पचेंडा सम्मेलन का एक VIDEO सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है, जिसमें कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार अपने ही पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय राठी को बड़े ही सख़्त लहज़े के साथ हाथ से पीछे धकेलते नजर आ रहे हैं।

रविवार को पचेंडा रोड पर आयोजित रालोद के सामाजिक समरसता सम्मेलन के वायरल हुए इस VIDEO में अनिल कुमार मंच से भाषण दे रहे हैं। इसी दौरान अजीत राठी उनके पास पहुंचते हैं और बिल्कुल करीब खड़े होकर मंत्री से कुछ कहने या इशारा करने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। यहीं से कैमरे में कैद होता है वह पल, जिसने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी।

अनिल कुमार बड़े ही सख़्त तेवर में जिलाध्यक्ष से कहते सुनाई देते हैं, “एक मिनट रुक जाओ अध्यक्ष जी… छेड़ो ना… पीछे को हट जाओ।” इसके साथ ही मंत्री हाथ बढ़ाकर अजीत राठी को पीछे धकेल देते हैं। राठी पीछे हट जाते हैं और मंत्री अपना भाषण जारी रखते हैं।

सवाल सिर्फ इतना नहीं कि मंत्री ने जिलाध्यक्ष को पीछे क्यों किया? सवाल यह भी है कि क्या मंच पर किसी जिलाध्यक्ष को सार्वजनिक तौर पर इस तरह हाथ से पीछे करना जरूरी था? खासकर तब, जब मंच का पूरा कार्यक्रम ही सामाजिक समरसता, सम्मान, संवाद और भाईचारे के संदेश पर आधारित था।

VIDEO का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से घूम रहा है। कैमरे में जो साफ दिखाई देता है, वह है… मंत्री का सख्त लहजा, जिलाध्यक्ष का उनके बेहद करीब पहुंचना और फिर हाथ से बड़े बेरूखी के साथ उन्हें पीछे धकेल देना। लेकिन इससे पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी, जिलाध्यक्ष किस बात को लेकर मंत्री के पास पहुंचे थे और मंत्री ने उन्हें रोकने की जरूरत क्यों महसूस की… इसका पूरा जवाब वायरल क्लिप में नहीं है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग के जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, प्रधान पति को हिरासत में लेने पर थाने में हंगामा

यही वजह है कि इस VIDEO को लेकर दो तस्वीरें एक साथ सामने आ रही हैं। मंच से समरसता और संवाद का संदेश, और उसी मंच पर बातचीत रोकने का यह अंदाज। दोनों दृश्यों के बीच का विरोधाभास ही इस VIDEO को सामान्य मंचीय घटनाक्रम से ज्यादा चर्चा में ला रहा है।

दिलचस्प बात यह भी है कि यह कोई सामान्य पार्टी बैठक नहीं थी। RLD ने इस कार्यक्रम को सामाजिक समरसता और सर्वसमाज की भागीदारी के बड़े आयोजन के तौर पर तैयार किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत पार्टी के कई बड़े नेता इसमें मौजूद थे। कार्यक्रम से पहले कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने के लिए गांव-गांव संपर्क करने को कहा गया था।

सम्मेलन में जयंत चौधरी ने भी अपने भाषण में भेदभाव से ऊपर उठने, संवाद और समन्वय बढ़ाने तथा एक-दूसरे के सम्मान की बात कही। ऐसे में उसी मंच का यह VIDEO अब सोशल मीडिया पर एक अलग सवाल के साथ देखा जा रहा है कि संदेश मंच से क्या दिया गया और कैमरे के सामने व्यवहार कैसा नजर आया?

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें