लखनऊ। संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष, कांग्रेस, सोनम वांगचुक के अनशन और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है और संसद का उद्देश्य जनहित के लिए कानून बनाना है। ऐसे में सभी दलों को जनता के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए।
आईएएनएस से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि जनता ने संविधान के माध्यम से सरकार को अधिकार दिए हैं ताकि वह देश और समाज के हित में कानून बना सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जो देशहित में हैं और इसके लिए प्रधानमंत्री की सराहना की जानी चाहिए।
सोनम वांगचुक के अनशन पर विपक्ष को घेरा
सोनम वांगचुक के अनशन और इस मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा सरकार को घेरने के सवाल पर संजय निषाद ने विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय है कि सोनम वांगचुक को अब अपना अनशन समाप्त कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहा है।
संजय निषाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का दोहरा चरित्र लगातार सामने आ रहा है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोग केवल “एसी” और “पीसी” की राजनीति में उलझे रहते हैं, जबकि देश को विकास और जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ने की जरूरत है।
राम मंदिर ट्रस्ट विवाद पर भी दिया बयान
राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि ट्रस्ट का अर्थ विश्वास होता है। यदि किसी व्यक्ति ने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे ट्रस्ट या संस्था को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे गए पत्र का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब कांग्रेस का रुख अलग था और अब विवाद सामने आने पर उसका रुख बदल गया है।
संजय निषाद ने कहा कि यदि किसी राजमहल में चोरी हो जाए तो सजा चोर को मिलनी चाहिए, न कि पूरे राजमहल को। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मौलाना मदनी और आरक्षण के मुद्दे पर भी बोले
मौलाना अरशद मदनी के कांग्रेस संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक कमजोर और पिछड़े मुसलमानों के हितों की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों के कारण समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार नहीं मिल सका।
कानून व्यवस्था और विकास का किया दावा
उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में अपराधियों का दबदबा था, जबकि अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और लोग सुरक्षित माहौल में अपने त्योहार मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार संसद के मानसून सत्र में भी सभी राजनीतिक दलों को आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर जनता की समस्याओं और राष्ट्रीय हित के विषयों पर गंभीर चर्चा करनी चाहिए।



