लखनऊ। उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार सुबह लखनऊ, उन्नाव, देवरिया, शामली, कुशीनगर और बलिया समेत प्रदेश के 15 शहरों में कोहरा छाया रहा। ग्रामीण इलाकों में कोहरे का असर अधिक दिखाई दिया। कई स्थानों पर दृश्यता इतनी कम रही कि 50 मीटर की दूरी पर मौजूद चीजें भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं।
कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। नोएडा एयरपोर्ट से संचालित पांच उड़ानें 30 से 50 मिनट की देरी से रवाना हुईं, जबकि जयपुर से नोएडा आने वाली एक फ्लाइट निरस्त कर दी गई। वहीं, प्रयागराज जंक्शन पहुंचने वाली छह प्रमुख ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं। ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस पांच घंटे और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस करीब पांच घंटे 30 मिनट की देरी से चली।
नोएडा-गाजियाबाद में प्रदूषण का असर, स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई
नोएडा और गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 282 दर्ज किया गया। प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने 20 नवंबर तक निर्माण और ध्वस्तीकरण से जुड़े कार्यों पर रोक लगा दी है।
वहीं, प्रदूषण के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों में हाइब्रिड मोड से पढ़ाई कराने का विकल्प लागू किया गया है। इसके तहत बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने के साथ ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने का विकल्प भी मिलेगा।
प्रयागराज में AQI 366, लोगों को सांस लेने में परेशानी
प्रयागराज में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां AQI 366 दर्ज किया गया। खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हो रही है। सुबह के समय कोहरे और प्रदूषण के मिश्रित असर से लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में रेल यातायात भी प्रभावित रहा। प्रयागराज जंक्शन पहुंचने वाली छह प्रमुख ट्रेनें देरी से पहुंचीं। इनमें ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस पांच घंटे और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे लेट रही।
लखीमपुर खीरी सबसे ठंडा, एक सप्ताह में और गिरेगा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है और अधिकतम पारा 32 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। दिन में हल्की धुंध रहने की संभावना है। हालांकि, अगले सात दिनों तक प्रदेश में बारिश होने के आसार नहीं हैं।
चार बड़े शहरों में मौसम का हाल
लखनऊ: राजधानी में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और हवा की गुणवत्ता भी खराब दर्ज की गई। शहर का AQI 184 रहा।
कानपुर: सुबह से सर्द हवाएं चलती रहीं और हल्की धुंध भी दिखाई दी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे के मुताबिक, गुरुवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।
वाराणसी: सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। ठंड के चलते मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। शहर का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और AQI 315 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
प्रयागराज: सुबह के समय कोहरा छाया रहा। हवाएं चलने से हल्की ठंड महसूस हुई। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, खराब वायु गुणवत्ता के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या होता है AQI और खराब हवा से कैसे पड़ता है असर?
AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स हवा की गुणवत्ता बताने वाला पैमाना है। इससे पता चलता है कि हमारे आसपास की हवा कितनी साफ या प्रदूषित है। इसमें हवा में मौजूद विभिन्न प्रदूषकों के स्तर को मापा जाता है। AQI जितना अधिक होता है, हवा उतनी ही प्रदूषित मानी जाती है और स्वास्थ्य पर खतरा भी बढ़ता है।
खराब हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक सांस के साथ शरीर में प्रवेश करते हैं। इनमें से सूक्ष्म कण फेफड़ों के गहरे हिस्सों तक पहुंच सकते हैं। इनके संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और सांस संबंधी पुरानी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए खराब AQI के दौरान विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
