लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के साथ ही भीषण गर्मी का असर अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। लगातार हो रही बारिश और आसमान में छाए घने बादलों की वजह से प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य भर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून अब पूरे राज्य में पूरी तरह छा चुका है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहने वाला है।
राजधानी लखनऊ में छाए रहेंगे बादल, 10 डिग्री तक लुढ़का पारा
अगर राजधानी लखनऊ की बात करें, तो यहां गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की पूरी संभावना है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के आगमन के बाद से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात यानी बिजली गिरने के साथ-साथ झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
अगले 48 घंटे पूरे प्रदेश में बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की रफ्तार और तेज हो जाएगी। विभाग ने राज्य के सभी 75 जिलों में आंधी और मेघगर्जना के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस चेतावनी के दायरे में मुख्य रूप से गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मैनपुरी, हरदोई, कन्नौज, इटावा, कानपुर, रायबरेली, उन्नाव, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी सहित प्रदेश के लगभग सभी जिले शामिल हैं।
बहराइच में रिकॉर्ड तोड़ 113 मिमी. बारिश दर्ज
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के बहराइच जिले में सबसे ज्यादा 113 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिजनौर में 95 मिलीमीटर और ललितपुर में 93 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में इस साल मानसून अपने निर्धारित समय से करीब 10 दिन की देरी से पहुंचा है। मानसून ने मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया था, जिसके बाद अब इसने पूरे राज्य को अपनी जद में ले लिया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही फिलहाल आगामी दिनों में भी लगातार बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी।



