मुज़फ़्फ़रनगर। शुक्रताल गंगा मेले में पुलिस की सख्ती के बावजूद भैंसा-बुग्गी दौड़ का मामला सामने आया है। बीती शनिवार की देर रात पुरकाजी-कम्हेड़ा चौकी बैरियर के पास भैंसा-बुग्गी की अवैध दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भैंसा-बुग्गी दौड़ती दिखाई दे रही है और उसके पीछे सैकड़ों बाइक सवारों की भीड़ भी दौड़ती नजर आ रही है। इस दौरान मौके पर ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही भी दौड़ को रोकने के लिए पीछे दौड़ता दिखाई दे रहा है, लेकिन भीड़ पर उसका कोई असर नहीं पड़ता।

वायरल वीडियो में यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के सोनू और चीनू नाम से पहचाने जा रहे भैंसों की दौड़ लगती दिखाई दे रही है। भैंसा-बुग्गी के पीछे बड़ी संख्या में बाइक सवार चलते नजर आ रहे हैं। भीड़ इतनी अधिक है कि सड़क पर दौड़ के साथ-साथ बाइक सवारों का हुजूम भी दिखाई देता है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दौड़ को रोकने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन उसकी बात अनसुनी कर दी जाती है।
वीडियो में ड्यूटी पर तैनात सिपाही भैंसा-बुग्गी के पीछे दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। वह दौड़ के दौरान वीडियो भी बनाता नजर आता है। इसके बावजूद दौड़ में शामिल लोग रुकते दिखाई नहीं देते। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सख्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि गंगा मेले के दौरान भैंसा-बुग्गी दौड़ को लेकर पुलिस की ओर से सख्ती बरते जाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद पुरकाजी-कम्हेड़ा चौकी बैरियर के पास इस तरह की दौड़ का वीडियो सामने आना पुलिस की निगरानी और नियमों के पालन पर सवाल खड़े करता है।

