मुज़फ़्फ़रनगर। ज़िले में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का थाना नई मंडी पुलिस ने खुलासा किया है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुठभेड़ के बाद गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CO नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, विद्युत तार के दो बंडल, करीब 125 किलोग्राम एल्युमिनियम पार्ट्स और दो वाहन बरामद किए गए हैं। CO का कहना है कि यह गिरोह मुज़फ़्फ़रनगर समेत एनसीआर के अलग-अलग जनपदों में विद्युत उपकरण और तार चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
CO राजू साव ने बताया कि जनपद में लगातार विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरण चोरी होने की घटनाओं के बाद एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में नई मंडी पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-58 पर बागोवाली के पास आयशर वर्कशॉप के पीछे कुछ बदमाश चोरी का सामान बेचने के लिए इकट्ठा हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर दोबारा घेराबंदी की और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी। पुलिस का दावा है कि इसके बावजूद बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम घायल हो गए। तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल और मोनिश खां को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो और एक वैगनआर कार बरामद की है।
सीओ मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने मेरठ में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के मीट प्लांट में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार छपार थाना क्षेत्र में भी गिरोह द्वारा कई वारदात किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क एनसीआर के विभिन्न जनपदों तक फैला हुआ था और इसमें करीब 11 सदस्य शामिल हैं। छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

