Home » उत्तर प्रदेश » देवरिया में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली, लूटी गई सोने की माला बरामद

देवरिया में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली, लूटी गई सोने की माला बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने देर रात वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया और कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, मोटरसाइकिल और लूट की सोने की माला बरामद की गई है।

चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने भागने की कोशिश

पुलिस के अनुसार घटना खुखुंदू थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को देखकर बाइक सवार दो संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को भी मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलीम शेख और मुसाफिर शाह के रूप में हुई है।

अवैध तमंचे और लूट का सामान बरामद

देवरिया (दक्षिण) के अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और लूट की एक सोने की माला बरामद हुई है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

ALSO READ THIS :  जौहर यूनिवर्सिटी पर ध्वस्तीकरण रोक का मायावती ने किया स्वागत, बोलीं- बुलडोजर नहीं, नियमितीकरण हो नीति

महराजगंज में तस्करी के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई

इस बीच महराजगंज जिले में भी पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल तस्करी से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नौतनवा एसडीएम और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौतनवा के भुंडी मोहल्ला स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मौके से नौ बोरी खाद, कपड़ों के कई गठ्ठर तथा हुक्का से संबंधित भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया। प्रशासन ने पूरे सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें