Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » एवरेस्ट फतह करने वाले सागर कसाना का मुजफ्फरनगर में स्वागत, बोले- खिलाड़ियों को फोटो और प्रचार तक सीमित कर रही सरकार

एवरेस्ट फतह करने वाले सागर कसाना का मुजफ्फरनगर में स्वागत, बोले- खिलाड़ियों को फोटो और प्रचार तक सीमित कर रही सरकार

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए शिखर अभियान’ के तहत आयोजित खेल संवाद कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सागर कसाना का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पचेंड़ा कला स्थित शहीद बच्चन सिंह स्वर्गीय अरुण पहलवान अखाड़ा सेवा समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सागर कसाना ने बच्चों और खिलाड़ियों से संवाद कर खेलों से जुड़ी उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना।

कार्यक्रम में सपा नेत्री एवं पीडीए प्रहरी डॉ. मोनिका सिंह और युधिष्ठिर पहलवान ने सागर कसाना का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। संवाद के दौरान सागर कसाना ने मौजूदा सरकार की खेल नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को पर्याप्त सम्मान और धरातल पर जरूरी सहयोग नहीं मिल रहा है।

सागर कसाना ने बताया कि उन्होंने 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ियों का इस्तेमाल केवल फोटो खिंचवाने, प्रचार और मार्केटिंग के लिए किया जा रहा है। उनके मुताबिक वह खुद भी इस व्यवस्था के पीड़ित और भुक्तभोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस व्यवस्था की जरूरत है।

सागर कसाना ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देश पर पूरे प्रदेश में पीडीए शिखर अभियान के तहत खिलाड़ियों से संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए खिलाड़ियों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को एकत्र किया जा रहा है। उनके अनुसार, सपा की सरकार बनने पर खिलाड़ियों से मिले फीडबैक के आधार पर उनकी समस्याओं के समाधान और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में अपर गंगा नहर का निरगाजनी झाल संकट: लेफ्ट विंग वॉल में बड़ा छेद, सिंचाई विभाग ने वक्त रहते रोका हादसा

उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में खेलों के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। सागर कसाना ने यश भारती पुरस्कार, इकाना स्टेडियम, जिला स्तर पर स्टेडियमों के निर्माण और कोचों की नियुक्ति जैसे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केवल सोशल मीडिया और विज्ञापनों में उपलब्धियां दिखाने से खेल और खिलाड़ी मजबूत नहीं होंगे, बल्कि खिलाड़ियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना जरूरी है।

सागर कसाना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आंकड़ों के जरिए उपलब्धियां बताती है, लेकिन खिलाड़ियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने भारत की खेलों में वैश्विक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और इसे दुखद बताया।

वहीं, सपा नेत्री एवं पीडीए प्रहरी डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देश पर सागर कसाना कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि देशभर के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने और उत्तर प्रदेश सहित भारत में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. मोनिका सिंह ने बताया कि सागर कसाना ने बच्चों के साथ संवाद कर खेलों से जुड़ी उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें सामने लाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सागर कसाना ने 2027 में सपा सरकार बनने पर अखिलेश यादव के माध्यम से खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें