मुज़फ़्फ़रनगर। चीनी के बढ़े बाजार भाव के विरोध में भारतीय किसान यूनियन लाल बहादुर शास्त्री ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन शुरू किया है। संगठन की ओर से रुड़की चुंगी पर चीनी बिक्री का स्टॉल लगाया गया। यहां लोगों को चीनी 45 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराई गई। यूनियन पदाधिकारियों के मुताबिक स्टॉल पर रखी करीब पांच क्विंटल चीनी कुछ ही समय में बिक गई।
यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने कहा कि चीनी का भाव पहले करीब 45 रुपये किलो था, जबकि वर्तमान में बाजार में यही चीनी 60 से 65 रुपये किलो तक बिक रही है। संगठन का कहना है कि बढ़े हुए दामों का असर सीधे आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। इसी के विरोध में बाजार भाव से कम कीमत पर चीनी बेचकर सरकार तक अपना संदेश पहुंचाया जा रहा है।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के एक संबोधन में प्रदेश में करीब सात महीने का चीनी स्टॉक उपलब्ध होने की बात कही गई थी। संगठन का सवाल है कि यदि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तो बाजार में चीनी के दाम लगातार क्यों बढ़ रहे हैं। यूनियन ने सरकार से मांग की कि चीनी को पुराने स्तर यानी 45 रुपये किलो की दर पर उपलब्ध कराया जाए।
भारतीय किसान यूनियन के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जबकि दूसरी ओर चीनी के दाम बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसानों को गन्ने का उचित भाव नहीं मिल रहा है तो उपभोक्ताओं पर भी महंगी चीनी का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
संगठन के जिला संरक्षक बाबा श्यामलाल ने कहा कि चीनी के दाम को लेकर मुख्यमंत्री को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। यूनियन ने घोषणा की कि मुज़फ़्फ़रनगर में अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह स्टॉल लगाकर 45 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई जाएगी और बढ़े दामों का विरोध जारी रहेगा।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में गरीब बस्तियों में भी ऐसे स्टॉल लगाए जाएंगे। संगठन का कहना है कि जब तक चीनी के दाम पुराने स्तर पर नहीं आते, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। यूनियन से जुड़े 15 राज्यों में भी इसी तरह का अभियान चलाने की बात पदाधिकारियों ने कही है।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब, जिला संरक्षक बाबा श्यामलाल, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, जिला मंत्री फिरोज खान, जिला मंत्री साहिल, जिला संगठन मंत्री ठाकुर मुरसलीन राव, जिला वरिष्ठ मंत्री साबिर चौधरी, सलमान रईस, शहजाद समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

