Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में ग्रामीण बैंक के खातों से ग्राहकों की रकम गायब: 20 से ज्यादा लिखित शिकायतें, पूर्व मैनेजर पर गबन का शक, जांच टीम पहुंची, बैंक पर पुलिस तैनात

मुजफ्फरनगर में ग्रामीण बैंक के खातों से ग्राहकों की रकम गायब: 20 से ज्यादा लिखित शिकायतें, पूर्व मैनेजर पर गबन का शक, जांच टीम पहुंची, बैंक पर पुलिस तैनात

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना कस्बे में डीएवी रोड स्थित यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में ग्राहकों के खातों से रकम गायब होने की शिकायतों ने हड़कंप मचा दिया। शनिवार को एक के बाद एक कई ग्राहक बैंक पहुंचे और अपनी पासबुक व खातों में जमा रकम की जानकारी ली तो कई खातों में बड़ी रकम कम मिली। आक्रोशित ग्राहकों ने बैंक शाखा में हंगामा किया। मामला सामने आने के बाद मुख्यालय से जांच टीम बुढ़ाना पहुंची और बैंक परिसर में पुलिस तैनात कर दी गई।

बताया गया कि शाखा में तैनात मैनेजर रूपक राणा का करीब दो दिन पहले ही ट्रांसफर हुआ था। उनके स्थान पर नए प्रबंधक विभव कुमार ने कार्यभार संभाला। इसके बाद ग्राहकों ने बैंक में पासबुक एंट्री करानी शुरू की तो कई खातों में जमा रकम और बैंक रिकॉर्ड में अंतर सामने आने की बात कही गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्राहक बैंक पहुंच गए।

नए शाखा प्रबंधक ने मामले की जानकारी तत्काल बैंक के उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद शनिवार शाम करीब 5 बजे डीबीआरएम नवदीप सिंह टीम के साथ बुढ़ाना पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। स्थिति को देखते हुए बैंक परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

ग्राहकों ने अपनी शिकायतों में बड़ी रकम गायब होने के आरोप लगाए हैं। कस्बे के अमित के मुताबिक, उन्होंने होम लोन के 10 लाख रुपये जमा किए थे, लेकिन यह रकम खाते में दर्ज नहीं मिली। आशीष और आलोक शर्मा के खाते में 5 लाख रुपये की लिमिट को 9 लाख रुपये दिखाकर रकम निकाले जाने का आरोप लगाया गया है।
काबड़ौत निवासी रिंकू सिंह ने अपनी मां शशि के खाते से 4 लाख रुपये, संजीव के खाते से एक लाख रुपये और उसकी मां राजबाला के खाते से 6.50 लाख रुपये गायब होने का दावा किया। सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे शशांक के खाते से 10 लाख रुपये और पुत्रवधू के बचत खाते से एक लाख रुपये निकाले गए।

ALSO READ THIS :  पश्चिमी यूपी में LJP को लगा झटका! सहारनपुर मंडल और मुज़फ़्फ़रनगर के कई पदाधिकारी सपा में शामिल

नगवा गांव के पप्पू और उनकी पत्नी शारदा के खातों से करीब 40 लाख रुपये तक की रकम के कथित गबन का आरोप लगाया गया है। वहीं प्रशांत त्यागी की कंपनी के खाते से 4 लाख रुपये से अधिक तथा पतंजलि स्टोर संचालक वीर प्रताप के खाते और लिमिट से भी लाखों रुपये गायब होने की शिकायत सामने आई है।

बैंक अधिकारियों के अनुसार, अभी तक 20 से अधिक ग्राहक लिखित शिकायत दे चुके हैं और बैंक स्टेटमेंट निकलने के साथ शिकायतकर्ताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि कुल कितनी रकम गायब हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

डीबीआरएम नवदीप सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रबंधक रूपक राणा से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें