मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस (27 नवंबर) के तहत जिला स्तरीय जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विभागों, सरकारी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
बैठक में बाल कल्याण समिति (CWC), बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO), वन स्टॉप सेंटर, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बाल संरक्षण से जुड़े विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक में 27 नवंबर के महत्व और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों और प्रतिनिधियों को बताया गया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन, विभागों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
बैठक के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि भारत में लड़की की विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह करवाने, संपन्न कराने या उसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
बैठक में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। किशोरियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे उत्पन्न होते हैं और उनके आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार प्राप्त करने के अवसर सीमित हो जाते हैं। इसलिए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास के समान अवसर मिलना जरूरी है।
विभिन्न विभागों को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
बैठक में बाल विवाह की रोकथाम के लिए सभी विभागों की भूमिका पर चर्चा की गई। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गांवों में परिवारों को जागरूक करने, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से बच्चों की शिक्षा जारी रखने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह मुक्त गांव बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया।
बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों और संस्थाओं को बाल विवाह की संभावित घटनाओं की पहचान कर समय रहते संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
1098 और 112 पर दे सकते हैं सूचना
बैठक में बताया गया कि किसी भी संभावित बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा जिला बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति को भी जानकारी दी जा सकती है।
ग्रामीण समाज विकास केंद्र की रही सक्रिय सहभागिता
इस जागरूकता अभियान में ग्रामीण समाज विकास केंद्र (GSVK) की ओर से गौरव मलिक और रविता ने सहभागिता की। उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों, ग्रामीण स्तर पर जागरूकता की आवश्यकता और समुदाय की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर अपने विचार रखे। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन (JRC) के सहयोग से संचालित अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, किशोरियों और युवाओं को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
प्रमुख जागरूकता संदेश
बाल विवाह को रोकना है, बच्चों का भविष्य संवारना है।
बेटी को पढ़ने दो, आगे बढ़ने दो।
18 से पहले लड़की की शादी नहीं, 21 से पहले लड़के की शादी नहीं।
न बाल विवाह करेंगे, न बाल विवाह होने देंगे।
हमारा लक्ष्य – बाल विवाह मुक्त भारत, सुरक्षित बचपन, शिक्षित समाज और सशक्त भविष्य।
