मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के लोहिया बाजार की सब्जी मंडी इलाके में रविवार अलसुबह भीषण अग्निकांड हो गया। यहां पहली मंजिल पर स्थित रुई-गद्दे और क्रोकरी के सामान की दो दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि आग मैसर्स सचिन अरोरा की रुई, गद्दे और क्रोकरी के सामान की दुकान में लगी थी। दुकान के अंदर एक या दो नहीं, बल्कि 4–5 गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। आग की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन ऑफिसर रामकिशोर यादव तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। फायर फाइटरों ने दोनों तरफ से सीढ़ियां लगाकर दुकान के अंदर पानी की बौछार की। पहली मंजिल पर स्थित दुकानों तक पहुंचने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब ढाई घंटे तक चले अभियान के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। दुकान के अंदर रखा सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रथमदृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

