Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में 1730 कंठों से एक साथ गूंजा ’वंदे मातरम्’: भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर में ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन; छात्राओं, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने किया सामूहिक गायन

मुजफ्फरनगर में 1730 कंठों से एक साथ गूंजा ’वंदे मातरम्’: भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर में ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन; छात्राओं, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने किया सामूहिक गायन

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का परिसर शुक्रवार सुबह 11 बजे एक साथ उठे 1730 स्वरों से गूंज उठा। मौका था ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ अभियान का। विद्यालय में छात्राओं, शिक्षकों-कर्मचारियों, अभिभावकों, समाज के गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों समेत 1730 लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण से हुई। इसके बाद प्रार्थना और वंदना की गई। मुख्य अतिथि जिला प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के राधवेन्द्र सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. एसपी अग्रवाल तथा प्रबंध समिति के सदस्यों और गणमान्य लोगों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी मनाई गई। आचार्या दुर्गेश नंदिनी कौशिक ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति योगदान पर छात्राओं को जानकारी दी। वहीं अनंत चतुर्दशी पर्व के महत्व पर रितु पंवार ने विचार रखे। प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का सबसे खास क्षण सुबह 11 बजे आया। निर्धारित समय पर विद्यालय परिसर में मौजूद सभी 1730 लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का संपूर्ण गायन किया। एक साथ उठती आवाजों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. एसपी अग्रवाल ने अपने संबोधन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, संस्कार और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं, अभिभावकों और अन्य लोगों में सामूहिक गायन को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में मूसलाधार बारिश ने ठप की बिजली व्यवस्था, सबस्टेशन बने 'टापू', कई बिजलीघर डूबे, खंभे झुकें और तार टूटे

‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत जिले के अन्य विद्यालयों में भी सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक सीमा सिंह, सह-संयोजक नीशू, दस्तावेजीकरण प्रमुख योगेश, सहायक हिमांशु, मीडिया एवं प्रचार प्रमुख अर्चना शर्मा और सहायक रिचा शर्मा समेत विद्यालय के आचार्य एवं कर्मचारी परिवार की भूमिका रही।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, प्रबंधक शोभित सिंह, कोषाध्यक्ष ममता वर्मा और प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों, छात्राओं और सभी सहयोगियों का आभार जताया गया।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें