Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद की रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में देर रात भीषण आग, मोबाइल बैटरी और सेल समेत सामान जलकर खाक; ऑक्सीजन प्लांट को बचाया

गाजियाबाद की रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में देर रात भीषण आग, मोबाइल बैटरी और सेल समेत सामान जलकर खाक; ऑक्सीजन प्लांट को बचाया

Facebook
Twitter
WhatsApp

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात एक रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री के टीन शेड में लगी आग ने कुछ ही देर में वहां रखी मोबाइल की बैटरियों और सेल, मोटरसाइकिल समेत अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

फायर विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर एमडीटी के माध्यम से फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि सिल्वर सिटी मॉल के पीछे सी 11/3, साउथसाइड जीटी रोड स्थित सीकेसीपीसी रिसाइक्लिंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लग गई है।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से एफएसओ के नेतृत्व में तीन फायर टैंकर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि फैक्ट्री के टीन शेड में आग तेजी से फैल रही थी और लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के टीन शेड में मोबाइल की बैटरी और सेल, मोटरसाइकिल तथा अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री रखी हुई थी। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए बचाव और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया।

फायर कर्मियों ने एमएफई से होज पाइप फैलाकर आग पर पानी की बौछार शुरू की। आग की तीव्रता को देखते हुए केवल पानी से काम नहीं चला तो उसे नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल फोम का भी इस्तेमाल किया गया। फायर यूनिट ने अलग-अलग दिशाओं से पानी और फोम की बौछार करते हुए आग की लपटों को फैलने से रोकने का प्रयास किया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: पहले कपड़े पसंद किए और फिर उठा ले गया पूरा थैला: दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज चोरी CCTV में कैद

लगातार प्रयास के बाद फायर कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने के दौरान फायर विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती फैक्ट्री के पीछे की ओर बने ऑक्सीजन प्लांट को सुरक्षित रखना था।

सीएफओ सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि आग को ऑक्सीजन प्लांट तक पहुंचने से रोकना फायर विभाग की प्राथमिकता थी। यदि आग प्लांट तक पहुंच जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फायर यूनिट ने बेहद सावधानी के साथ आग की दिशा को नियंत्रित किया और उसे ऑक्सीजन प्लांट की ओर बढ़ने से रोक दिया। इस कार्रवाई के चलते ऑक्सीजन प्लांट को सुरक्षित बचा लिया गया।

फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सीएफओ भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लेते रहे। एफएसओ के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने लगातार अभियान चलाकर आग को पूरी तरह बुझाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

फायर विभाग के मुताबिक, इस घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है। हालांकि, फैक्ट्री में रखी मोबाइल बैटरी, सेल, मोटरसाइकिल और अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री के आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें