मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक एवं शैक्षिक कार्यशाला में संगठन की आगामी पांच साल की कमान एक बार फिर सुभाष चौहान को सौंप दी गई। जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद बैंकट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कोर कमेटी की सहमति के बाद सुभाष चौहान को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में दवा व्यापारियों ने लाइसेंस, विभागीय चेकिंग, ऑनलाइन दवा बिक्री और फार्मासिस्ट की अनिवार्यता समेत अपनी प्रमुख समस्याएं जनप्रतिनिधियों और औषधि विभाग के अधिकारियों के सामने रखीं।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रखर गोयल और न्यूरोफिजिशियन डॉ. विजय सैनी मौजूद रहे। अतिथियों का संगठन की ओर से स्वागत किया गया।
कार्यशाला में दवा व्यापारियों ने कहा कि लाइसेंसधारी कारोबारियों को अनावश्यक चेकिंग के नाम पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कंपनियों की ब्रेकेंज और एक्सपायरी से जुड़ी समय सीमा बढ़ाने, अनधिकृत रूप से दवा बेचने वाले बिना लाइसेंस प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाने और ऑनलाइन दवा व्यापार पर रोक लगाने की मांग रखी।
व्यापारियों ने यह भी मांग की कि कंपनियों की ओर से मेडबॉल सिस्टम और डायरेक्ट हॉस्पिटल सप्लाई को बंद किया जाए। ड्रग लाइसेंस के ऑनलाइन आवेदन स्वीकृत करने के लिए समय सीमा तय करने, दूसरे राज्यों की ड्रग विभाग की टीमों द्वारा मुज़फ़्फ़रनगर प्रशासन और स्थानीय ड्रग अधिकारी की जानकारी के बिना निरीक्षण नहीं करने तथा ड्रग लाइसेंस के नवीनीकरण में पुरानी ऑटो-रिटेंशन प्रक्रिया लागू रखने की मांग भी उठाई गई।
दवा व्यापारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों के यहां 10 वर्ष से अधिक पुराने लाइसेंस से जुड़े फार्मासिस्ट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी रखी। इसके अलावा पोर्टल पर गोदाम के लाइसेंस के नवीनीकरण का विकल्प उपलब्ध कराने और शासनादेश के अनुरूप उसे अपडेट करने की मांग अधिकारियों के सामने रखी गई।
कार्यक्रम में सहारनपुर मंडल के सहायक आयुक्त औषधि नरेश मोहन दीपक और जिला औषधि निरीक्षक विमल देशबंधु ने भी दवा व्यापार से जुड़े नियमों और विभागीय व्यवस्था पर बात रखी। दवा व्यापारियों की ओर से रखी गई मांगों पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चौहान ने की। संचालन संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल, चेयरमैन सतपाल सिंह और हरीश गुप्ता ने किया। संगठन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल ने पिछले 10 वर्षों में एसोसिएशन की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इसके बाद कोर कमेटी की सहमति के आधार पर सुभाष चौहान को अगले पांच वर्ष के लिए निर्विरोध अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा जनपद की विभिन्न शाखाओं और अन्य जिलों से आए दवा व्यापारी भी शामिल हुए।
