Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश: ज़मीन बेचकर 10 लाख देने की हुई डील, 60 घंटे में खुला प्रवीण हत्याकांड का राज, बीवी–आशिक़ समेत 4 गिरफ्तार

मुज़फ़्फ़रनगर में प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश: ज़मीन बेचकर 10 लाख देने की हुई डील, 60 घंटे में खुला प्रवीण हत्याकांड का राज, बीवी–आशिक़ समेत 4 गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र में प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या की कहानी रिश्तों के ऐसे उलझे जाल तक पहुंची, जिसमें पत्नी, प्रेमी और पैसों का लेनदेन सामने आया है। 27 सितंबर को अंबरपुर के जंगल में गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने 60 घंटे में खुलासा कर दिया। हत्याकांड में मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी विकास समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर दो तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद हुई है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन के सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रवीण की शादी रेखा से वर्ष 2006 में हुई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 से रेखा और विकास के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए और बाद में शादी करना चाहते थे। इसी बीच प्रवीण को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया।

जांच में प्रवीण और रेखा के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। दूसरी तरफ रेखा और विकास के रिश्ते आगे बढ़ रहे थे। आखिरकार दोनों ने प्रवीण को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। हत्या के बाद जमीन बेचकर विकास को करीब 10 लाख रुपये देने की बात तय हुआ।

विकास ने हत्या की योजना में अपने परिचित राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को शामिल किया। दोनों के लिए भी रकम तय की गई। हत्या के बाद राजा और कल्याण को तीन-तीन लाख रुपये देने की बात सामने आई है। जांच में राजा और प्रवीण के बीच करीब डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन का मामला भी सामने आया। राजा कई बार अपने रुपये मांग चुका था। वह कल्याण सिंह के यहां नौकरी करता था, जबकि कल्याण को प्रवीण का दोस्त बताया गया है।

ALSO READ THIS :  पूरे इलाके में सड़कें बनीं, सैनिक बिहार की यह गली बदहाल: जलभराव-गंदगी से परेशान लोग, सभासद पर अनदेखी का आरोप

हत्या के लिए बाकायदा नया सिम इस्तेमाल किया गया। राजा ने नया सिम खरीदा और इसी नंबर से प्रवीण को फोन कर अंबरपुर के जंगल में बुलाया। प्रवीण के पहुंचने से पहले आरोपी वहां पहुंच चुके थे। उसके पहुंचते ही दो गोलियां चलाई गईं। प्रवीण की मौके पर मौत हो गई और इसके बाद आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए।

27 सितंबर की हत्या के बाद रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों की गतिविधियों को खंगाला। करीब 60 घंटे की जांच के बाद पुलिस ने रेखा, विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार राजा उर्फ काला कसेरवा, कल्याण सिंह उर्फ कल्लू मोघपुर, विकास दूधाहेड़ी और रेखा रायपुर नंगली की रहने वाली है। बरामदगी में दो 315 बोर तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और स्विफ्ट कार शामिल हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें