मुंबई। जियो ने अपनी 10वीं वर्षगांठ के मौके पर जियोभारत 4G फोन को लेकर नया ऑफर पेश किया है। कंपनी के अनुसार, इस ऑफर के तहत ग्राहक ₹1,499 में जियोभारत 4G फोन खरीद सकेंगे और इसके साथ छह महीने का रिचार्ज भी मुफ्त मिलेगा। इस अवधि में ग्राहकों को हर महीने 14GB डेटा और अनलिमिटेड HD वॉयस कॉलिंग की सुविधा दी जाएगी।
कंपनी का कहना है कि फोन खरीदने के बाद ग्राहकों को छह महीने तक अलग से रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। जियो ने यह ऑफर खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो अभी भी 2G फीचर फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं और 4G नेटवर्क पर शिफ्ट होना चाहते हैं।
2G से 4G पर आने का अतिरिक्त खर्च ₹299 होने का दावा
जियो के मुताबिक, 2G फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक आम तौर पर करीब ₹199 प्रति माह रिचार्ज पर खर्च करते हैं। छह महीने में यह खर्च लगभग ₹1,200 बैठता है। कंपनी के अनुसार, ₹1,499 में फोन और छह महीने का रिचार्ज मिलने की स्थिति में 2G से 4G पर अपग्रेड होने का अतिरिक्त खर्च करीब ₹299 रह जाता है।
हालांकि, ग्राहक को फोन खरीदते समय पूरी ₹1,499 की राशि का भुगतान करना होगा। छह महीने के मुफ्त रिचार्ज की सुविधा ऑफर के तहत उपलब्ध होगी।
14GB डेटा और अनलिमिटेड HD कॉलिंग
ऑफर के तहत ग्राहकों को प्रत्येक महीने 14GB डेटा के साथ अनलिमिटेड HD वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। कंपनी का दावा है कि 4G नेटवर्क पर आने से फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ डिजिटल सेवाओं का भी इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा।
जियोभारत फोन में जियोटीवी के जरिए 500 से अधिक टीवी चैनलों की सुविधा मिलने की बात कंपनी ने कही है। इसके अलावा जियोहॉटस्टार पर क्रिकेट, फिल्म और मनोरंजन सामग्री देखने, म्यूजिक सुनने तथा जियोपे के जरिए यूपीआई भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
2.4 इंच डिस्प्ले और 2000mAh बैटरी
जियोभारत 4G फोन में 2.4 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। फोन में 2000mAh की बैटरी भी उपलब्ध है। कंपनी के अनुसार, नया ऑफर जियोभारत के चुनिंदा A1, B1, B2 और B3 मॉडल पर लागू होगा।
कंपनी ने इस ऑफर को 2G फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को 4G नेटवर्क पर लाने की दिशा में एक पहल के तौर पर पेश किया है। छह महीने के मुफ्त रिचार्ज के साथ फोन उपलब्ध कराए जाने से ग्राहकों को शुरुआती अवधि में अलग से रिचार्ज खर्च नहीं करना पड़ेगा।

