Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सात दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

गाजियाबाद की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सात दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

Facebook
Twitter
WhatsApp

गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब सात दमकल वाहनों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। अग्निकांड में फैक्ट्री भवन में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग के अनुसार, गुरुवार 1 अक्टूबर को तड़के करीब 1:11 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को प्लॉट नंबर सी-87/1 स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर/बाउजर और स्वदेशी कंपाउंड, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया से एक फायर टेंडर को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग फैक्ट्री भवन के भूतल पर लगी थी और अंदर काफी धुआं भरा हुआ था। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल दो होज लाइन बिछाकर फायर फाइटिंग शुरू कर दी। आग के तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।

तीन हिस्सों में चल रही थीं अन्य फैक्ट्रियां

दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि संबंधित भवन के तीन हिस्सों में अन्य फैक्ट्रियां भी संचालित हो रही थीं। ऐसे में आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरती गई। भवन के अंदर आग और धुएं की अधिकता के कारण दमकल कर्मियों को फायर फाइटिंग में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

ALSO READ THIS :  मथुरा में बड़ा हादसा: वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 1 गंभीर

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दमकल कर्मियों ने बीए सेट (ब्रीदिंग अप्रैटस सेट) पहनकर भवन के अंदर प्रवेश किया और आग के स्रोत तक पहुंचकर फायर फाइटिंग की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद भवन के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई, ताकि कहीं कोई आग या सुलगता हुआ हिस्सा बाकी न रह जाए।

दमकल विभाग के मुताबिक, आग बुझाने के लिए कुल सात दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया। आग से फैक्ट्री में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, आग लगने के कारण और संपत्ति के कुल नुकसान का विस्तृत आकलन अभी किया जा रहा है।

दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास की फैक्ट्रियों और औद्योगिक क्षेत्र के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें