नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 2 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
डीएमआरसी के अनुसार जिन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद किए गए हैं, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं।
हालांकि, यात्रियों को कुछ राहत देते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है। यात्री इन स्टेशनों पर एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा कड़ी
यह कदम जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर उठाया गया है। प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस ने भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं।
प्रस्तावित प्रदर्शन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठाए जाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग किए जाने की बात सामने आई है। प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं।
यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह
मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद होने से मध्य दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो की ओर से जारी ताजा अपडेट जरूर देख लें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग की योजना बनाकर निकलें।
सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो संचालन में बदलाव स्थिति के अनुसार आगे भी जारी रह सकते हैं। इसलिए यात्रियों को आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

